लोकसभा चुनाव-2024 को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) तैयारियों में जुट गई है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जातिगत जनगणना और सामाजिक न्याय के मुद्दे पर लोक जागरण यात्रा निकाल रहे हैं। इसकी शुरुआत लखीमपुर खीरी से हो गई है। देवकली में हुए सपा के प्रशिक्षण शिविर के बाद अखिलेश यादव ने लोक जागरण यात्रा का आगाज किया।
अखिलेश यादव ने सपा के चुनावी अभियान की शुरुआत करने के लिए लखीमपुर खीरी को चुना है। सोमवार को खीरी पहुंचे अखिलेश यादव ने पार्टी पदाधिकारियों के घर जाकर आगे की रणनीति तय की। दुधवा में रात्रि विश्राम किया। मंगलवार को अखिलेश यादव देवकली में सपा के प्रशिक्षण शिविर में पहुंचे। इस कार्यक्रम में जिलेभर के सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को बुलाया गया।
सपा मुखिया ने प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करते कार्यकर्ताओं में जोश भरा। भाजपा को निशाने पर लिया। अखिलेश यादव ने कहा कि निजीकरण जितना बढ़ाया जाएगा तो हमारे आपके अधिकार छीन जाएंगे। भाजपा के लोग झूठा प्रचार कर रहे हैं। बिना आंकड़ों के भाजपा सबका साथ सबका विकास का दावा कर रही है। कहा कि डीजल, पेट्रोल, सिलिंडर, आटा आदि की कीमत बढ़ रही है। बेरोजगारी चरम पर हैं।
अखिलेश यादव ने जातीय जनगणना का मुद्दा उठाया। कहा कि सपा सबको बताएगी कि जब तक जातीय जनगणना नहीं होगी, तब तक कुछ नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि लखीमपुर खीरी जिला समाजवादियों का गढ़ रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य यही है कि जो गढ़ है वो समाजवादियों का गढ़ दोबारा बने। प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करने के बाद अखिलेश यादव लोक जागरण यात्रा की शुरुआत की।
लोकसभा चुनाव से पहले सपा संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रशिक्षण शिविर का आयोजन कर रही है। यह यात्रा हर लोकसभा सीट पर प्रशिक्षण शिविर के बाद निकाली जाएगी। माना जा रहा है कि सामाजिक न्याय और जातिगत जनगणना के मुद्दे पर निकाली जा रही लोक जागरण यात्रा के जरिए सपा ने दलित और पिछड़ों को साधने की रणनीति बनाई है।