सहारनपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का रविवार को सहारनपुर के तीतरो में आने का कार्यक्रम तय हो गया है। वह जिले के दिग्गज राजनीतिज्ञ रहे चौधरी यशपाल सिंह के 100 वें जन्मदिवस समारोह में शामिल होेेंगे और वहीं पर यशपाल सिंह की समाधि के निकट बडी जनसभा को संबोधित करेंगे। अखिलेश यादव चार साल के बाद सहारनपुर आ रहे है। सपा के जिलाध्यक्ष एवं चौधरी यशपाल सिंह के बेटे चौधरी रूद्रसैन ने आज शाम बताया कि अखिलेश यादव का अधिकृत कार्यक्रम मिल गया है। वह हैलीकाप्टर से रविवार दोपहर 12 बजे तीतरो पहुंचेगे और करीब ढाई घंटे वहां रहेंगे। चौधरी यशपाल सिंह 1957 में पहली बार विधायक बने थे। वह उत्तर प्रदेश में विश्वनाथ प्रताप सिंह, नारायण दत्त तिवारी सरकार में मंत्री रहे। 1984 में कांग्रेस टिकट पर आठवीं लोकसभा के लिए सहारनपुर से सांसद चुने गए। उन्होंने 2004 में भाजपा उम्मीदवार के रूप में भी लोकसभा चुनाव लडा बाद में वह सपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रहे। 12 दिसंबर 2015 को उनका स्वर्गवास हो गया था। समाजवादी पार्टी अखिलेश यादव की रविवार की सभा को सफल बनाने के लिए एक पखवाडे से जनसंपर्क कर रही है। पार्टी को उम्मीद है 50 हजार के करीब भीड इकट्ठी हो सकती है। इस सभा से पता चलेगा कि विधानसभा चुनाव को लेकर सहारनपुर के लोगों का रूझान क्या है। अखिलेश यादव को सहारनपुर में अपने उम्मीदवार तय करने में मदद मिल सकती है। सपा आगामी चुनाव में अकेले उतरेगी या गठबंधन करेंगी। 2017 के चुनाव में जिले में सपा, कांग्रेस गठबंधन ने भाजपा का कडा मुकाबला किया था। गठबंधन को तीन सीट मिली थी,सपा की एक और दो कांग्रेसी थी। भाजपा ने चार सीटों पर जीत दर्ज की थी।