आगरा। आगरा में किशोरी से दरिंदगी के मामले में गांव डावली किरावली निवासी गणेश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि आरोपित ने पूछताछ में 24 वर्षीय गणेश ने किशोरी की हत्या के प्रयास की वारदात स्वीकार की है। वह घटना के बाद अपने घर आकर सो गया था। आरोपित अभी दुष्कर्म की घटना से इन्कार कर रहा है, लेकिन घटनास्थल दुष्कर्म की ओर इशारा कर रहा है।
आरोपित हत्या के प्रयास का जो कारण बता रहा है, वह भी पुलिस के गले नहीं उतर रहा। पुलिस उपायुक्त विकास कुमार ने बताया कि गणेश अपने मित्र संतोष के साथ बाइक पर आया था। किशोरी से गणेश की मोबाइल पर बात हुई थी। आरोपित ने बताया कि वह किशोरी को लेकर रुनकता गया था। दोनों ने एक रेस्टोरेंट में नाश्ता किया। इसके बाद वह किशोरी को लेकर जंगल में गया। उसने गुस्से में किशोरी का सिर पेड़ में मार दिया। जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़ी। उसे लगा कि वह फंस जाएगा। इसलिए उसने किशोरी का दुपट्टे से गला घोटा। इसके बाद ईंट से सिर पर प्रहार कर दिया।
किशोरी को मृत जानकर जंगल में छोड़ गया था। अपने घर जाकर सो गया। किशोरी के स्वजन और पुलिस के बुलाने पर वह तत्काल आ गया, जिससे किसी को शक न हो। गणेश ने बताया कि किशोरी के गांव में उसकी रिश्तेदारी है। वह किशोरी के स्कूल में ही 12वीं में पढ़ता है। किशोरी ने इस वर्ष कक्षा 10 की परीक्षा दी है। पुलिस को गणेश द्वारा बताई कहानी पुलिस के गले नहीं उतर रही है। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि गणेश के मित्र संतोष को वांछित किया है। किशोरी के बयान महत्वपूर्ण हैं।