मुजफ्फरनगर. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि जयंत चौधरी और अखिलेश यादव ने कल साथ साथ रहने की बात कही लेकिन उनका साथ तभी तक है जब तक सरकार नहीं बनती। सरकार बनी तो जयंत चौधरी चले जाएंगे उनकी जगह आजम खान और अतीक अहमद जैसे लोग आ जाएंगे। अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने गुंडाराज समाप्त किया है और किसान समेत तमाम वर्गों के लिए कार्य किया है।
आज वृंदावन गार्डन में भाजपा प्रत्याशियों के लिए प्रचार करने के लिए आए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि अखिलेश यादव आज उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था की बात कर रहे हैं लेकिन उन्हें यह कहने का कोई अधिकार नहीं है क्योंकि उनके शासन में उत्तर प्रदेश में गुंडा और माफिया का राज था। अखिलेश यादव के बाद आई योगी सरकार ने प्रदेश को गुंडों और माफियाओं से मुक्त करने का काम किया है तथा यहां कानून व्यवस्था का राज स्थापित कर भयमुक्त वातावरण देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज सुरक्षित हाथों में है और अगर कल फिर सपा जैसी सरकार आ गई तो फिर से गुंडा माफिया हावी हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि किसानों को गन्ने का सबसे ज्यादा भुगतान देने का काम भाजपा की सरकार ने किया है और जल्द ही एक व्यवस्था की जा रही है कि अगर भुगतान में देरी होगी तो उसके लिए ब्याज चीनी मिल को देना पड़ेगा। अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और भाजपा की सरकार आई तो इस विकास को आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह को सबसे अधिक सम्मान भाजपा की सरकार ने दिया है। अमित शाह ने कहा कि इस क्षेत्र के जाट तथा अन्य वर्गों की युवा सीमा पर तमाम जगह दिख जाएंगे ।उन्होंने देश की सेवा के लिए बहुत कार्य किए हैं। गृह मंत्री ने कहा कि मोदी और योगी आदित्यनाथ की सरकार ने देश के गरीब वर्ग तथा किसानों को सीधे लाभ पहुंचाने के लिए तमाम योजनाएं बनाई तथा उनका लाभ सीधे तौर पर उन लोगों को पहुंचा है जो इसके लिए योग्य थे। अखिलेश यादव द्वारा मुफ्त बिजली के वादे की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि जिसकी सरकार में बिजली मिली ही नहीं उन्हें मुफ्त बिजली के वादे करने का क्या औचित्य है। इस आयोजन में केंद्रीय राज्य मंत्री डॉक्टर संजीव बालियान, भाजपा के प्रत्याशी कपिल देव अग्रवाल, उमेश मलिक, प्रमोद ऊंटवाल, प्रशांत गुर्जर, सपना कश्यप तथा विक्रम सैनी के अलावा भाजपा के तमाम नेता मौजूद थे। इनमें भाजपा के जिला अध्यक्ष विजय शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉक्टर वीरपाल निर्वाल, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष सतपाल सिंह पाल, नगर पालिका अध्यक्ष अंजू अग्रवाल आदि मौजूद थे। भाजपा के तमाम कार्यकर्ताओं व नेताओं में आज अमित शाह के आगमन को लेकर उत्साह नजर आया। वृंदावन गार्डन में कार्यक्रम के बाद अमित शाह ने शहर में शिव चौक तथा आसपास के इलाकों में पहुंचकर जनसंपर्क अभियान चलाया।