सहारनपुर। शारदीय नवरात्रों में मां वैष्णो देवी दर्शनों को जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है। परिवहन निगम ने मां वैष्णो देवी तक सहारनपुर डिपो की दो बसों को चलाने का निर्णय लिया है। किराया और बसों के चलने का समय निर्धारित हो गया है। मुजफ्फरनगर से चलने वाली बस सोमवार से शुरू हो जाएगी।
सहारनपुर परिवहन डिपो से 202 बसें संचालित होती हैं, जो देहरादून, हरिद्वार, दिल्ली, लखनऊ, आगरा, अलीगढ़, हरियाणा सहित कई जिलों में जाती हैं। इसी महीने से शारदीय नवरात्र शुरू हो रहे हैं, ऐसे में परिवहन निगम ने मां वैष्णो देवी कटरा तक बसों को चलाने की तैयारी कर ली है। हरिद्वार व मुजफ्फरनगर से सहारनपुर डिपो की दो बसें चलेगी। हरिद्वार से चलने वाली एसी बस हैं, यह बस हरिद्वार से दोपहर में 12:15 बजे रवाना होगी, जो सहारनपुर, यमुनानगर, अंबाला, लुधियाना के रास्ते मां वैष्णो देवी अगले दिन सुबह चार बजे पहुंचेगी।
इस बस का अभी किराया नहीं बन पाया है। इसी तरह मुजफ्फरनगर से साधारण बस दोपहर में 3:15 बजे चलकर सहारनपुर होकर मां वैष्णो देवी कटरा अगले दिन सुबह सात बजे पहुंचेगी। इस बस में मुजफ्फरनगर से कटरा जाने का किराया 832 रुपये होगा। जबकि सहारनपुर से कटरा जाने के लिए 732 रुपये देने होंगे। खास बात यह है कि इन बसों के संचालन से मां वैष्णो देवी जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी नहीं होगी। इससे जहां श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी, वहीं परिवहन निगम के राजस्व में भी बढ़ोत्तरी होगी।
सहारनपुर डिपो की दो बसें हरिद्वार और मुजफ्फरनगर से मां वैष्णो देवी कटरा के लिए चलेंगी। समय और किराया निर्धारित कर लिया है। मुजफ्फरनगर से चलने वाली बस सोमवार से शुरू करेंगे। इन दोनों बसों के संचालन से मां वैष्णो देवी के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं का सफर आसान होगा।