प्रयागराज। माफिया अतीक अहमद के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई बुधवार को होगी। गैंगस्टर के तहत दर्ज मामले को लेकर एक अरब 28 करोड़ की बेनामी संपत्तियों को कुर्क किया जाएगा। प्रयागराज के गंगापार में हवेलिया झूंसी स्थित यह संपत्ति माफिया ने खुद और अपने स्वजन, रिश्तेदारों के नाम खरीदी थी।
माफिया अतीक अहमद की बेनामी संपत्तियों की पुलिस लगातार पता लगा रही है। इधर कुछ दिन पहले धूमनगंज पुलिस को जानकारी हुई कि माफिया की बेनामी संपत्ति हवेलिया झूंसी में है। गोपनीय तरीके से इसकी जानकारी जुटाई गई तो मालूम हुआ कि यह संपत्ति माफिया अतीक ने खुद के साथ ही अपने स्वजन और कुछ खास रिश्तेदारों के नाम करा रखी है। कई वर्ष पूर्व इसे खरीदा गया था। राजस्व टीम की मदद ली गई तो उन सभी के नाम सामने आए, जिनके नाम यह जमीन थी। यह सभी अतीक के ही लोग थे।
धूमनगंज पुलिस ने इसकी रिपोर्ट तैयार की और डीएम से इसे कुर्क करने की अनुमति मांगी। कहा गया कि अपराध से अर्जित धन से इन संपत्तियों को माफिया अतीक ने खरीदा। खुद के साथ ही रिश्तेदारों के नाम करवाया। डीएम ने मंगलवार को संपत्तियों को कुर्क करने का आदेश दे दिया।
धूमनगंज थाना प्रभारी राजेश मौर्य का कहना है कि अतीक अहमद की एक अरब 28 करोड़ की संपत्तियों को कुर्क करने का आदेश डीएम के यहां से मिल गया है। बुधवार को कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि माफिया अतीक अहमद के खिलाफ अब तक की यह सबसे बड़ी कार्रवाई होगी।
माफिया अतीक अहमद की 500 करोड़ से अधिक की बेनामी संपत्ति पहले ही कुर्क हो चुकी है। उसके दो दर्जन से अधिक गुर्गों की बेनामी संपत्तियों पर भी पुलिस का चाबुक चला है। माफिया के भाई अशरफ की अभी कुछ दिन पहले ही करोड़ों की संपत्ति कुर्क की गई थी।