गाजियाबाद। मेन रोड पर राजवीर वाली गली में शनिवार रात को अज्ञात हमलावरों ने डॉक्टर को गोली मार दी। गंभीर अवस्था में डॉक्टर को पहले निकट अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उनको गाजियाबाद रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल पुलिस को मामले की कोई तहरीर नहीं मिली है। जानकारी मिलने पर मौके पर पुलिस के आला अधिकारी जुट गए। उन्होंने मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस पूरे मामले को फिलहाल रंजिश से जोड़कर देख रही है। आर्य नगर कालोनी स्थित राजवीर वाली गली निवासी शमशाद पेशे से डॉक्टर हैं। उनका क्लीनिक मेन रोड पर है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात को करीब 11 बजे वे क्लीनिक को बंद कर अपने घर जा रहे थे। उनके घर के सामने ही घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। चार गोली उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में लगी। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो आरोपित हवा में हथियार लहराते हुए फरार हो गए।
घनी आबादी में ताबड़तोड़ फायरिंग से आसपास में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक सवार हमलावरों ने हेलमेट पहन रखा था। गोली मारने से पहले आरोपितों की चिकित्सक से कुछ कहासुनी भी हुई थी। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आनन-फानन में डा शमशाद को पहले निकट अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उनको गाजियाबाद रेफर किया गया था।
पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस भीड़ को काबू करने में लगी हुई थी। जिस तरह आरोपित आए उससे साफ हो गया है कि पूरे घटनाक्रम को रेकी कर अंजाम दिया गया है। पुलिस ने मेन रोड और कालोनी में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। जिस वाहन से बदमाश आए हैं उसके नंबर को पुलिस ट्रेस करने में लगी हुई है।
इस बारे में एसीपी निमिष पाटिल का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है। फिलहाल कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। परिवार की तरफ से कोई लिखित शिकायत अभी पुलिस को नहीं दी गई है।