
मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर में सोमवार को गंगनहर से रेत निकालने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोगों में फावड़े और लाठी-डंडे चल गए। इस दौरान झगड़े में एक पक्ष से पिता-पुत्र घायल गंभीर रूप से हो गए हैं। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, घटना की जानकारी लगने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।
थाना रतनपुरी क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर माफी में सोमवार को दो पक्षों के बीच झगड़ा हो गया। मोहम्मदपुर माफी निवासी अब्दुल करीम, सोनू, अब्दुल हकीम, आसिफ आदि सोमवार सुबह गंगनहर से रेत निकालने का काम कर रहे थे। इसी बात को लेकर तस्लीम और कालू की उपरोक्त लोगों से कहासुनी हो गई। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इसके बाद दोनों के पक्षों के लोगों में फावड़े व लाठी-डंडे चल गए।
वहीं सरताज दोनों पक्षों को समझाने गया, तो सरताज पर भी फावड़े और धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया। शोर-शराबे की आवाज सुनकर सरताज का बेटा अमीर हजमा अपने पिता को बचाने के लिए पहुंचा, तो उस पर भी हमला किया गया। जिसमें पिता-पुत्र दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया है। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर कर दिया गया। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। थाना रतनपुरी एसओ राजेंद्र गिरी का कहना है कि अभी तक किसी भी तरफ से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। दोनों घायलों का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
धमाकेदार ख़बरें
