शामली. शामली के कलेक्ट्रेट में एक परिवार ने क्षेत्रीय लेखपाल और कैराना एसडीएम पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। परिजनों का आरोप है कि बीते 6 महीनों से पीड़ित परिवार अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं। जिसमें उन्हें इंसाफ नहीं मिला। दबंगों ने उनकी लाखों की फसल पर बुलडोजर चलाकर उनकी कई बीघा जमीन भी पर कब्जा कर लिया गया है।
यह पूरा मामला शामली जनपद के कांधला थाना क्षेत्र के असदपुर जिडाना का है। जहां पर सोमपाल नाम का व्यक्ति अपने पूरे परिवार के साथ गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचा। जहां उसने अपनी जमीन पर गांव के ही दबंग लोगों के द्वारा कब्जा करने और गुरुवार को फसल पर बुलडोजर चलाने का आरोप लगाया है।
पीड़ित ने बताया कि वह बीते 6 महीनों से लेखपाल और कैराना एसडीएम के ऑफिस के चक्कर लगा रहा है। जिसमें उनकी आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। पीड़ित ने बताया कि जहां अधिकारियों द्वारा उनकी सुनवाई नहीं हो रही है तो वहीं अधिकारी उनके साथ दुर्व्यवहार करते हैं। जिसके चलते आरोपी दबंगों ने उनकी जमीन पर कब्जा कर लिया है।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि दबंगों ने उनकी खड़ी फसल पर भी बुलडोजर चला दिया। पीड़ित अब जिला अधिकारी के पास न्याय के लिए पहुंचा है। हालांकि गुरुवार को रामनवमी की छुट्टी होने के चलते अधिकारी उन्हें ऑफिस में नहीं मिले।