हरिद्वार. महिला और उसकी छह साल की मासूम बेटी से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने चार्जशीट कोर्ट में पेश कर दी है। मामले में पांचों आरोपी जेल में बंद हैं।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित सोलानी पार्क के पास महक सिंह उर्फ सोनू निवासी इमलीखेड़ा, कलियर ने 24 जून की रात महिला को डरा धमकाकर दुष्कर्म किया था। इस बीच कार सवार चार लोग महिला और उसकी छह साल की बच्ची को जबरन कार में डालकर मंगलौर बाईपास पर ले गए थे। चारों आरोपियों ने मां और बच्ची से सामूहिक दुष्कर्म किया था। विरोध करने पर बच्ची की मां से मारपीट की थी। साथ ही दोनों को खेत में फेंककर फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपी महक सिंह को सीसीटीवी कैमरे की मदद से गिरफ्तार किया था।
उसने बताया था कि सफेद रंग की कार पर एक किसान संगठन का झंडा लगा हुआ था। पुलिस ने कार का नंबर ट्रेस कर राजीव उर्फ विक्की तोमर निवासी ग्राम बेलडा, थाना भोपा मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार था। इसके बाद राजीव से पूछताछ में ग्राम बेलडा निवासी सुबोध और साल्हापुर थाना देवबंद, सहारनपुर निवासी सोनू व जगदीश के नाम सामने आए थे। पुलिस ने पांचों की गिरफ्तारी कर घटना का खुलासा कर जेल भेज दिया था। तभी से इस मामले की बारीकी से जांच चल रही थी। अब इस मामले में पुलिस ने पूरे साक्ष्यों और बयान के आधार पर पांचों आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट लगा दी है। एसपी देहात प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि कोर्ट में पुलिस की ओर से पूरे साक्ष्य और बयान के आधार पर जांच रिपोर्ट भी पेश कर दी गई है।