लखनऊ। देश के पूर्व प्रधानमंत्री और दुनिया के प्रख्यात अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह का बृहस्पतिवार को दिल्ली के एम्स अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन पर सात दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है।
पूर्व पीएम के निधन पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री एवं प्रख्यात अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह जी का निधन अत्यंत दुःखद एवं भारतीय राजनीति की अपूरणीय क्षति है। वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने देश की शासन व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि!
प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति एवं उनके शोकाकुल परिजनों व समर्थकों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर कहा कि सत्य और सौम्य व्यक्तित्व के धनी महान अर्थशास्त्री भूतपूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी का निधन एक अंतरराष्ट्रीय अपूरणीय क्षति है। भावभीनी श्रद्धांजलि!
पूर्व कांग्रेसी व भाजपा की वर्तमान नेता अदिति सिंह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का निधन देश के लिए एक दुःखद समाचार है… उनके द्वारा किए गए आर्थिक सुधारों ने देश को बदलने का काम किया है… वे एक सादगी पसन्द व्यक्ति थे… आज राजनीति से हटकर सारा देश उन्हें श्रद्धांजलि दे रहा है।
बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का आज रात निधन होने की खबर अति-दुखद है। भारत की अर्थव्यवस्था के सुधार में उनका खास योगदान रहा। वे नेक इंसान थे। उनके परिवार व सभी चाहने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदना।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि सियासत में सादगी के प्रतीक पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी ने दुनिया को अलविदा कह दिया। यह सूचना बेहद पीड़ादायक है।
आर्थिक सुधार, परमाणु समझौता और मनरेगा जैसी योजनाएं उनके दूरदर्शी और देश को समृद्धि के शिखर पर ले जाने वाली सोच का ही परिणाम थीं। यह देश उनके योगदान का सदैव ऋणी रहेगा। भावभीनी श्रद्धांजलि।