बागपत। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज बागपत पहुंचे हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर गुरुवार को 11ः00 बजे पुलिस लाइन में उतरा। सीएम योगी यहां से सबसे पहले जिला अस्पताल पहुंचे, यहां निरीक्षण करने के बाद वह कलक्ट्रेट के लिए निकल गए। कलक्ट्रेट पहुंचकर सीएम योगी ने पार्टी-पदाधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री ने पार्टी पदाधिकारियों से बैठक लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के निर्देश दिए। कलक्ट्रेट सभागार में पार्टी पदाधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न बिंदुओं पर विचार विमर्श किया।
 
बागपत में मुख्यमंत्री ने पार्टी पदाधिकारियों से बैठक लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के दिशा-निर्देश दिए। कलक्ट्रेट सभागार में पार्टी पदाधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया। इस दौरान बागपत सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह ने मुख्यमंत्री के समक्ष जनपद की विभिन्न समस्याओं से लेकर आवश्यकताओं के बारे में ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया।

 उन्होंने योगी आदित्यनाथ के सामने बागपत में रोडवेज बस स्टैंड का निर्माण कराने, जेवी कॉलेज बड़ौत को कृषि विवि बनाए जाने, बागपत चीनी मिल की क्षमता वृद्धि की मांग की। अधिकांश मांगों पर मुख्यमंत्री ने अपनी सहमति भी जताई। गन्ने के भाव में बढ़ोतरी किये जाने, बकाया गन्ना भुगतान पर भी मुख्यमंत्री से जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया। कहा कि मीतली में मेडिकल कॉलेज का निर्माण दिसंबर माह से शुरू हो जाएगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री योजना के तहत लोगों को निशुल्क दिए जाने वाले राशन वितरण पर कहा कि इस बार 5 अगस्त को सभी राशन डीलर के यहां पार्टी पदाधिकारियों द्वारा पहुंचकर राशन वितरण करवाया जाएगा। उपभोक्ताओं को अलग से एक बैग में राशन दिया जाएगा, जिस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फोटो भी लगी होगी।
 
योगी आदित्यनाथ ने सभी को विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत के साथ जुटने के निर्देश दिए और संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने को कहा। इस दौरान पार्टी के क्षेत्रीय अध्यक्ष मोहित बेनीवाल, विधायक योगेश धामा, कृष्णपाल मलिक, सहेंद्र सिंह रमाला, जिलाध्यक्ष सूरजपाल गुर्जर, सांसद प्रतिनिधि प्रदीप ठाकुर आदि मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर में यहां नहीं आ पाया था। बागपत के प्रशासन ने कोरोना की दूसरी लहर में काफी अच्छा काम किया है। बागपत का पहले नाम तो था, लेकिन काम नहीं था। पांच हजार साल पहले बागपत एक सामान्य गांव था। महाभारतकाल में यह उन गांवों में शामिल था, जो पांडवों ने मांगे थे। वर्तमान में बागपत जनपद है। इंद्रप्रस्थ को लेकर महाभारत का युद्ध हुआ था। आज बागपत इंद्रप्रस्थ को मात दे रहा है। पिछले सात सालों में केंद्र और प्रदेश सरकार की जितनी विकास योजना यहां लागू हुई हैं। वह अदभुत हैं।

सीएम योगी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का प्रयास सराहनीय है। यहां के युवा बहुत मेधावी और मेहनती हैं। वह पहले सड़कों पर प्रैक्टिस तो करते थे, लेकिन उनकी भर्ती नहीं हो पाती थी। 1.37 लाख पुलिस की भर्ती में बागपत के लगभग हर गांव के युवाओं ने सफलता प्राप्त की। कई सरकारी सेवाओं में यहां के पुरूष और महिलाएं हैं। पिछले सात सालों में बागपत में बड़ी संख्या में विकास कार्य हुए हैं। इतने कार्य पिछले 65-70 वर्षों में नहीं हुए थे।

बैठक में इसके अलावा कोविड से निपटने और पार्टी पदाधिकारियों को इस मिशन में सहयोगी भूमिका निभाए जाने को कहा। साथ ही सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाये जाने के निर्देश पार्टी पदाधिकारियों को दिए गए। सीएम योगी ने कहा कि कोरोना अभी खत्म नहीं हुआ है। इसलिए अभी भी सावधानी जरूरी है। केंद्र सरकार सभी को मुफ्त वैक्सीन दे रही है। सभी लोग वैक्सीन जरूर लगवाएं। बचाव के नियमों का पालन करें।

बताया गया कि सीएम योगी इसके बाद सिसाना गांव में स्कूल के निरीक्षण के लिए भी जा सकते हैं। ये भी कयास लगाए जा रहे हैं कि मुख्यमंत्री रंछाड़ गांव भी जा सकते हैं। इसे लेकर अधिकारियों के पसीने छूटे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बागपत आगमन की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अफसर बुधवार को बारिश में भी दिन भर दौड़ते रहे। तमाम रिकॉर्ड दुरुस्त करने का काम भी कार्यालयों में चलता रहा। जिला अस्पताल, सरूरपुर सीएचसी, सिसाना गांव में सफाई और हाईवे पर जलनिकासी में जुटे रहे। एडीजी राजीव सभरवाल और कमिश्नर सुरेंद्र सिंह ने सिसाना पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। 
 
मंगलवार रात को मुख्यमंत्री के 29 जुलाई को बागपत आने की सूचना मिली तो अफसरों की नींद उड़ गई। रात में ही मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों की रूपरेखा तैयार की जाने लगी। बुधवार को तेज बारिश में अफसर तैयारियों के लिए दौड़ पड़े। डीएम राजकमल यादव, एसपी अभिषेक सिंह ने अधीनस्थों को तैयारियों के लिए दिशा-निर्देश दिए।

जिला अस्पताल और सीएचसी सरूरपुर सिसाना का स्कूल चमकाया गया। सिसाना में हाईवे पर भरे पानी की जेसीबी से निकासी कराई गई। जिला अस्पताल में साफ-सफाई की गई। यहां भरा बारिश का पानी भी पंप सेट से निकाला गया। इसके अलावा सरूरपुर सीएचसी में भी सफाई कराई गई। सिसाना प्राइमरी और कंपोजिट विद्यालय में भी दिनभर साफ-सफाई का काम चलता रहा। एडीजी राजीव सभरवाल और कमिश्नर सुरेंद्र सिंह ने सिसाना में पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।