मुजफ्फरनगर। जिले में संचारी रोग नियंत्रण अभियान को लेकर तैयारी शुरू हो गई है। अभियान के दौरान पांच बीमारियों पर फोकस किया गया है। मुख्य विकास अधिकारी संदीप भागिया ने सभी विभागों को उनकी जिम्मेदारी सौंप दी है। एक से 30 अप्रैल तक अभियान चलाया जाएगा, जिसमें आशाएं डोर-टू-डोर सर्वे करेंगी।

लोगों को मच्छर जनित बीमारियों से बचाने और जागरूक करने के लिए एक अप्रैल से जिले में संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत की जाएगी। इसी के साथ 10 से 30 अप्रैल तक दस्तक अभियान भी चलाया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग, नगर विकास विभाग, शिक्षा विभाग, पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग, पशुपालन विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, कृषि विभाग, सिंचाई विभाग, सूचना विभाग, दिव्यांगजन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें दिशा निर्देश दिए।

जिला मलेरिया अधिकारी अलका सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान आशाएं और आंगनबाड़ी कार्यकत्री पांच बीमारियों को लेकर सूची तैयार करेंगी। उन्होंने बताया कि इस दौरान बुखार रोगियों की सूची, क्षय रोग के लक्षण युक्त व्यक्तियों की सूची, कुष्ठ रोग, फाइलेरिया लक्षणयुक्त व्यक्तियों की सूची और कुपोषित बच्चों की सूची तैयार कर ई-कवच पोर्टल पर अपलोड करेगी। उन्होंने कहा कि इन लोगों की आभा आईडी भी बनवाई जाएगी। साथ ही उन्हें इन रोगों से बचाव के तरीके भी बताए जाएंगे।