अंबेडकरनगर। विवादों के निस्तारण के लिए शासन समाधान दिवस आयोजित किया जाता है, लेकिन यहां विवादों का निस्तारण नहीं हो पा रहा है। फरियादी थानों के चक्कर काट रहे हैं। असऊवापार मोहरई के उपेंद्रनाथ त्रिपाठी चक मार्ग की शिकायत के निस्तारण को लेकर अधिकारी गंभीर नहीं है।

शनिवार को उन्होंने दो सौवीं बार शिकायती पत्र सौंपा। कहा कि गांव के ही दो व्यक्ति चकमार्ग पर जबरन कब्जा कर लिए हैं। रास्ते की समस्या समाप्त नहीं हो रही है। समाधान में राजस्व कर्मी झूठी रिपोर्ट लगा रहे हैं। एसडीएम ने जांच के आदेश दिए हैं।

जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन एवं पुलिस अधीक्षक अजीत कुमार सिन्हा ने सम्मनपुर थाने में समाधान दिवस की अध्यक्षता की। इस दौरान राजस्व से संबंधित कुल पांच शिकायतें आईं, जिसमें से दो शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

तीन मामलों के समाधान के लिए पुलिस व क्षेत्रीय राजस्व लेखपाल की संयुक्त टीम बनाकर निस्तारण का निर्देश दिया गया। कोतवाली अकबरपुर में तहसीलदार जय प्रकाश यादव ने फरियाद सुनीं। इस दौरान पुलिस विभाग का एक भी कर्मी मौजूद नहीं रहा।

सम्मनपुर के महमदपुर डडंवा गांव के संग्राम ने शिकायती पत्र देकर बकाया रुपया दिलाने की फरियाद की। एसडीएम ने पुलिस कर्मियों से जांच कराने का आश्वासन दिया।