कैथल. जिले भर में मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर जिलास्तर पर लघु सचिवालय में हुए कार्यक्रम में खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बेटियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में डीसी प्रदीप दहिया ने कहा कि बेटियां लक्ष्य निर्धारण करके पढ़ाई करें। खेल, चिकित्सा, शिक्षा, विज्ञान, न्यायिक व्यवस्था, सेना, पुलिस आदि क्षेत्रों में महिलाओं ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
उन्होंने खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बेटियों को सम्मानित किया। बीडीपीओ रोजी ने कहा कि महिलाओं ने हर क्षेत्र में आगे आकर पुरानी धारणाएं तोड़ी हैं। एडीए संगीता ने कहा कि महिलाएं जो ठान लेती हैं, उसे जरूर पूरा करती हैं। डाइट की प्रिंसिपल सुदेश सिवाच ने कहा कि नारी का सर्वांगीण विकास करना जरूरी है। महिला संरक्षण अधिकारी सुनीता ने भी अपने विचार रखे और महिलाओं के अधिकारों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी कुनाल चौहान ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं को समर्पित है।