नई दिल्ली। फल हमारे स्वास्थ्य के लिए कितने उपयोगी होते हैं, ये तो आप जानते ही होंगे। इनके सेवन से शरीर में विटामिन और खनिज की पूर्ति होती है, जो हमारे शरीर के लिए अत्यंत ही आवश्यक होते हैं। यानी कुल मिलाकर फल स्वस्थ आहार का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं, जिन्हें खाने से हमें पर्याप्त ऊर्जा भी मिलती है और तरह-तरह की बीमारियों से भी बचाव होता है। वैसे तो फलों में प्राकृतिक शुगर पाई जाती है,
जो शरीर के लिए नुकसानदायक नहीं होती है, लेकिन डायबिटीज के मरीजों को सोच समझ कर ही फलों का सेवन करना चाहिए। दरअसल, डायबिटीज के मरीजों को अपना ब्लड शुगर लेवल नियंत्रण में रखना होता है, लेकिन कुछ फल ऐसे होते हैं, जिनमें चीनी की मात्रा अधिक पाई जाती है, इसलिए डायबिटीज के मरीजों को ऐसे फलों के सेवन से बचना चाहिए। आइए जानते हैं शुगर के मरीजों के लिए कौन से फल नुकदानदायक हो सकते हैं?
आम में शुगर की मात्रा बहुत अधिक होती है, ऐसे में इसका अधिक सेवन शुगर लेवल को बढ़ा सकता है। इसके अलावा आम में ग्लाइसेमिक इंडेक्स भी अधिक मात्रा में मौजूद होता है, जो शुगर के मरीजों के लिए नुकदानदायक होता है। इसलिए डायबिटीज के मरीजों को बिना डॉक्टर की सलाह के आम का सेवन नहीं करना चाहिए।
अंगूर में भी शुगर की मात्रा अधिक होती है। इसलिए अगर आप डायबिटीज के मरीज हैं तो इस फल का सेवन सीमित मात्रा में ही करना आपके लिए बेहतर है। वरना शुगर लेवल बढ़ गया तो फिर मुश्किल में पड़ जाएंगे।
विशेषज्ञ कहते हैं कि एक कप चेरी में शुगर की मात्रा करीब 18 ग्राम होती है। इसलिए डायबिटीज के मरीजों को सीमित मात्रा में ही इसके सेवन की सलाह दी जाती है। वैसे बेहतर होगा कि मीठी चेरी के बदले में आप खट्टी चेरी का सेवन करें।
नाशपाती एक ऐसा फल है, जो विटामिन, खनिज और एंटी-ऑक्सीडेंट से भरपूर होता है और इसमें शुगर भी ज्यादा होता है। इसके सेवन से डायबिटीज के मरीजों का ब्लड शुगर लेवल बढ़ सकता है। इसलिए सोच समझ कर ही इस फल का सेवन करें।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है।
इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित अस्वीकरण- बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।