हरिद्वार. मां और छह साल की मासूम बेटी से सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों के डीएनए मैच हो गए हैं। वारदात में इस्तेमाल कार से बरामद बाल, खून व कपड़ों पर मिले निशान मां-बेटी और चारों आरोपियों के ही हैं। पुलिस ने जांच रिपोर्ट कोर्ट में पेश कर दी है।
रुड़की में 24 जून की रात एक कार में महिला और उसकी छह साल की मासूम बच्ची के साथ चार आरोपियों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। इससे पहले भी एक आरोपी ने महिला से दुष्कर्म किया था। पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म के चारों आरोपियों को मुजफ्फरनगर व सहारनपुर से गिरफ्तार किया था। महिला से दुष्कर्म के आरोपी को इमलीखेड़ा से पकड़ा गया था। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कार भी बरामद कर ली गई थी। पांचों आरोपियों को जेल भेज दिया गया था। पुलिस ने कार से बाल, खून से सने कपड़े और अन्य सामान बरामद किया था।
कार से मिले सामान और मां-बेटी व चार आरोपियों के ब्लड सैंपल डीएनए जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजे गए थे। मामले में अब लैब से डीएनए जांच भी आ गई है। इसमें पुष्टि हुई है कि कार से बरामद बाल, कपड़ों पर लगा खून और अन्य चीजें मां-बेटी व सामूहिक दुष्कर्म के चारों आरोपियों के ही हैं। डीएनए रिपोर्ट मैच होने के बाद अब आरोपियों को सख्त से सख्त सजा मिल सकेगी।
वारदात में पीड़ित मां-बेटी और चारों आरोपियों के डीएनए की जांच रिपोर्ट मैच हो गई है। पुलिस का पूरा प्रयास है कि मामले में मजबूत साक्ष्य कोर्ट में पेश कर आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए।-प्रमेंद्र सिंह डोबाल, एसपी देहात