मुंबई. मुंबई फिल्म इंडस्ट्री के कलाकार अक्सर किसी ना किसी वजह से चर्चा में बने रहते हैं। अपनी फिल्मों, लाइफस्टाइल और पोस्ट के अलावा फिल्मी अक्सर विवादों के चलते भी सुर्खियों में रहते हैं। बीते दिनों न्यूड फोटोशूट के बाद विवादों में घिरे रणवीर सिंह की मुश्किलें इस मामले में बढ़ती जा रही है। इस सिलसिले में ना सिर्फ उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है, बल्कि पुलिस की तरफ से इसके लिए नोटिस भी जारी किया गया है। हालांकि, अपनी हरकतों के चलते कानूनी पचड़ों में फंसने वाले रणवीर अकेले कलाकार नहीं हैं। इससे पहले ही कई सितारे किसी ना किसी वजह से कानूनी पचड़ों में फंस चुके हैं। आइए जानते हैं-
ट्विंकल खन्ना
बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार की पत्नी और एक्ट्रेस ट्विकंल खन्ना भी अपनी एक हरकत के चलते विवाद में फंस गई थी। दरअसल, एक्ट्रेस ने एक फैशन शो के दौरान सबके सामने अपने पति अक्षय कुमार की जींस का बटन खोला था। उनकी इस हरकत के बाद उनके खिलाफ सार्वजनिक रूप से अश्लीलता फैलाने का मामला दर्ज लिया गया था। इतना ही नहीं इस केस में उन्हें गिरफ्तार भी किया जा चुका है।
आमिर खान
इन दिनों अपनी फिल्म लाल सिंह चड्ढा को लेकर लगातार सुर्खियों में रहने वाले अभिनेता आमिर खान का विवादों से गहरा नाता रहा है। यह पहली बार नहीं जब अभिनेता की किसी फिल्म को लेकर इस तरह विवाद हो रहा हो। इससे पहले भी आमिर की फिल्में विवादों में रही हैं। इन्हीं फिल्मों में से एक फिल्म पीके की वजह से तो एक्टर कानूनी पचड़े में फंस गए थे। इस फिल्म में पुलिसवालों के लिए ‘ठुल्ला’ शब्द का इस्तेमाल करने पर एक फिल्म निर्माता ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
सुष्मिता सेन
इन दिनों बिजनेसमैन ललित मोदी के साथ अपने रिलेशन को लेकर चर्चा में रहने वाली सुष्मिता सेन भी कानूनी पचड़े में फंसी थीं। दरअसल, एक्ट्रेस की मुश्किलें तब बढ़ गई जब उन्होंने प्री-मैरिटल रिलेशन पर अपनी राय दी थी। इसके बाद उनके खिलाफ शिकायत तक दर्ज की गई थी। हालांकि, सर्वोच्च न्यायालय ने इस मामले को खारिज कर दिया था।
अमिताभ बच्चन
बॉलीवुड के शहंशाह अभिनेता अमिताभ बच्चन भी कानून के शिकंजे से बच नहीं पाए। साल 2016 में भारत और पाकिस्तान के बीच वर्ल्ड टी20 मैच से पहले अमिताभ ने राष्ट्रगान 1 मिनट 10 सेकंड में पूरा किया था, जबकि राष्ट्रगान की अवधि 52 सेकंड की होती है। ऐसे में इस वाक्ये के बाद अमिताभ के खिलाफ शिकायत तक दर्ज की गई थी।
शिल्पा शेट्टी
अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी पर भी अश्लीलता फैलाने का मामला दर्ज हो चुका है। मामला साल 2007 का है, जब शिल्पा शेट्टी हॉलीवुड एक्टर रिचर्ड गेरे के साथ एड्स जागरूकता कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंची थीं। इस कार्यक्रम के दौरान अभिनेता ने सार्वजनिक रूप से शिल्पा के किस कर दिया था। इस वाक्ये के बाद उन पर भी मामला दर्ज किया गया था, जिसके 15 साल बाद उन्हें इससे छुटकारा मिला था।