
मेरठ। उत्तर प्रदेश में सहारनपुर जनपद के छुटमलपुर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच आमने-सामने गोली चली। मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। वहीं एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। पुलिस ने घायल बदमाश और पुलिसकर्मी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाश के छह अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया है।
फतेहपुर थाना अध्यक्ष मनोज चौधरी ने बताया कि थाने के उपनिरीक्षक दीपचंद और कांस्टेबल नरेंद्र शुक्रवार सुबह 5ः45 बजे छुटमलपुर में घास मंडी तिराहे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक कैंटर को रोकने का प्रयास किया गया तो उसने गाड़ी दौड़ा दी। उसके पीछे एक सेंट्रो कार थी। उसमें सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए थानाध्यक्ष को सूचना दी। इसके बाद थाना अध्यक्ष की टीम मौके पर पहुंची। वहीं खुद को घिरता देख बदमाशों ने अपनी गाड़ियां जीवाला कट की ओर मोड़ दी। इसी दौरान अनियंत्रित होकर कैंटर पेड़ से टकरा गया। उसके पीछे चल रही सेंट्रो कार से उतरे बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग करते हुए बदमाश को गोली मार दी।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस की गोली से बदमाश मौसम पुत्र कमरूद्दीन निवासी ग्राम हलजोया थाना भगवानपुर, हरिद्वार घायल हुआ है। जबकि बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग में सिपाही गौरव पंवार गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने कांबिंग कर बदमाश के छह अन्य साथियों को भी मौके से धर दबोचा। घायल बदमाश और सिपाही को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि कैंटर में चोरी की शीशम की लकड़ी भरी थी। बदमाशों ने पुरकाजी से चुराई है। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
धमाकेदार ख़बरें
