मेरठ. भारतीय थल सेना और नौसेना में शामिल होकर देश सेवा करने के लिए मेरठ के पांच लाल अफसर बने हैं। शनिवार को देहरादून स्थित इंडियन मिलिट्री एकेडमी में हुई पासिंग आउट परेड में ले. रितुराज सिंह, ले. आर्य भारद्वाज और ले. देवांश मित्तल और गया स्थित आफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी में ले. अनंत सिंह तोमर सेना का हिस्सा बने हैं। वहीं केरल स्थित भारतीय नौसेना अकादमी से मेरठ के पलाश जुत्शी सब-लेफ्टिनेंट बने हैं।
मीनाक्षीपुरम के रितुराज सिंह 2015 में सेना में सिपाही भर्ती हुए थे। 2018 में एसएसबी में सफल हुए और अब लेफ्टिनेंट बन गए। रितुराज के पिता हरेकृष्णा सिंह सरदार रेजीमेंट में थे। रितुराज ने केवि सिख लाइंस के छात्र रहे। मामा एसएन शुक्ला भी सेना में कैप्टन से सेवानिवृत्त हैं।
सेंट मेरीज एकेडमी के छात्र रहे अनंत सिंह तोमर को उनकी पहली पसंद रेजिमेंट आफ गार्ड्स में तैनाती मिली है। पिता केवी इंटर कालेज महलवाला के प्रधानाचार्य सुखेंद्र पाल सिंह हैं। चाचा और चचेरे भाई भी सेना में कार्यरत हैं। अनंत स्कूल में सैन्य अफसरों को देख सबसे अधिक प्रेरित हुए।
हसनपुर के आर्य भारद्वाज के पिता प्रदीप कुमार किसान हैं और माता गीता शर्मा गृहणी हैं। आर्य के छोटे नाना सुरेंद्र कुमार शर्मा सेना में कार्यरत हैं। उन्हीं को देखकर आर्य भी प्रेरित हुए। आर्य को सिग्नल रेजीमेंट में नियुक्ति मिली है।
आइएमए से देवांश मित्तल भी लेफ्टिनेंट बने हैं। मेरठ छावनी के मुकेश मित्तल और शालिनी मित्तल के बेटे ले. देवांश वर्तमान में परिवार के साथ दिल्ली में रहते हैं। देवांश के परिवार में सेना के और भी अफसर हैं। उन्हें देखकर देवांश ने भी सेना का रुख किया।
मवाना रोड के पलाश जुत्शी नौसेना में सब-लेफ्टिनेंट बने हैं। पलाश ने बीटेक के बाद नौसेना को चुना। उनके पिता संजय जुत्शी जानसन एंड जानसन में प्रबंधक हैं। माता ऋतु संगीत व हिंदी की शिक्षिका रह चुकी हैं।