शामली में यमुना नदी में आई बाढ़ के चलते सहपत गांव के पास यमुना तटबंध टूट गया। तटबंध टूटने से बाढ़ का पानी गांव के नजदीक फसलों में भर गया। हरियाणा के सनौली गौशाला में भी बाढ़ के पानी में 6-7 गाय की डूबने से मौत हो गई।

इसके अलावा भी कई गोवंश अभी भी पानी में फंसे हुए हैं। पुलिस ने यमुना किनारे लगाई गई दुकानों को हटवा दिया।

बताया गया कि मंगलवार सुबह यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान 231.5 मीटर को पार करते हुए 232 मीटर पर बह रहा है। यमुना में आई बाढ़ के कारण सहपत गांव के पास तटबंध का करीब 40 मीटर हिस्सा बाढ़ के पानी में बह गया, जिस कारण यमुना का पानी सहपत गांव के नजदीक फसलों में भर गया।

सूचना पर एसडीएम निकिता शर्मा, तहसीलदार गौरव सागवान और ड्रेनेज विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे व जेसीबी पोकलेन मंगा कर तटबंध की मरम्मत का कार्य शुरू कराया।

बाद में डीएम रविंद्र सिंह और एडीएम संतोष कुमार यादव ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उधर, बाढ़ का पानी हरियाणा के सनौली स्थित गौशाला में चला गया। बाढ़ के पानी के कारण गौशाला की सैकड़ों गाय पानी में डूब गई। ग्रामीण गोवंश को बचाने के लिए अथक प्रयास में लगे हुए हैं।

सूचना है कि 6-7 गोवंश की बाढ़ के पानी में डूबने से मौत हो गई। मंगलवार सुबह नौ बजे हथिनी कुंड बैराज से यमुना में तीन लाख 20 हजार से अधिक पानी प्रति सेकंड डिस्चार्ज किया जा रहा है। जिस कारण मंगलवार शाम तक यमुना अपना और अधिक रौद्र रूप दिखाएगी।

वहीं, आने वाली संभावित बाढ़ को देखते हुए पुलिस ने यमुना किनारे कांवड़ मेले के लिए लगाई गई दुकानों को हटवा दिया ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।