शामली। हरियाणा रोडवेेज ने यमुनानगर से शामली के लिए दो बसों का संचालन शुरू कर दिया है। इससे जिले के लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।
हरियाणा रोडवेज के यमुना नगर डिपो की दो रोडवेज बसें यमुनानगर से वाया सहारनपुर होकर शामली तक संचालित की गईं हैं। यमुनानगर से सुबह 8.30 बजे चलकर यमुना नगर डिपो की पहली रोडवेज बस सुबह साढ़े 11.30 बजे पहुंच रही है। 12 बजे शामली से चलकर सहारनपुर होकर यमुनानगर के लिए रवाना होती है। दूसरी बस यमुनानगर से सुबह 9 बजे चलकर शामली दोपहर 12 बजे पहुंचती है। साढ़े 12 बजे शामली से चलकर सहारनपुर होकर यमुनानगर 3.30 बजे पहुंचती है।
शामली रोडवेज बस स्टेशन अधीक्षक राजेंद्र चौहान ने बताया कि हरियाणा के यमुनानगर जाने के लिए सीधी बस सेवा नहीं थी। शामली की सवारियों को पहले सहारनपुर और करनाल होकर यमुनानगर जाना पड़ता था। सीधी सेवा न होने से किराया और समय ज्यादा लगता था। यमुनानगर से शामली की सीधी बस सेवा चालू होने से दोनों जिले के सवारियों को लाभ मिलेगा। समय की भी बचत होगी।