
मुजफ्फरनगर। करवा चौथ पर मुस्लिम युवकों से मेंहदी न लगवाने की अपील करते हुए हिंदू संगठनों ने शहर में 11 स्थानों पर मेंहदी केंद्र खोले हैं। उधर करवा चौथ के चलते शहर के सभी ब्यूटी पॉर्लरों पर इस वक्त महिलाओं की भारी भीड उमड रही है।
करवा चौथ पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने शहर में 11 स्थानों पर मेहंदी केंद्र खोले हैं। दिनभर संगठनों के कार्यकर्ताओं ने निगरानी की। जिले में करवा चौथ पर मेहंदी लगवाने को लेकर हंगामे की स्थिति बन जाती है। कुछ संगठनों ने मुस्लिम युवकों के मेहंदी लगाए जाने का विरोध किया था।
इस बार विहिप ने बजरंग दल और राष्ट्र सेविका समिति के सहयोग से शहर में 11 स्थानों पर मेहंदी केंद्र स्थापित किए हैं। विहिप नेता ललित माहेश्वरी का कहना है कि 31 अक्तूबर को दिन में साढे बारह बजे से इन केंद्रों पर मेहंदी लगाई जा रही है। सभी 11 केंद्रों पर टीम गठित की है और सभी केंद्रों के मोबाइल नंबर भी जारी किए हैं।
बड़ी धर्मशाला नईमंडी, आदर्श रामलीला भवन पटेल नगर, श्री श्यामा श्याम मंदिर गांधीनगर, भारत माता नसिंग होम पचेंडा रोड, लक्ष्मी नारायण मंदिर गांधी कॉलोनी, शिव मूर्ति, गोल मार्केट, प्राइमरी पाठशाला चुंगी नंबर दो, गिरधारी लाल जैन पब्लिक स्कूल, प्राथमिक पाठशाला खांजापुर, डल्लू देवता, मानसरोवर कॉलोनी, लक्ष्मी नारायण मंदिर पर मेंहदी लगवाने की व्यवस्था की गई है।
करवा चौथ पर सुहागिनें अपने पति की दीर्घायु के लिए व्रत रखेंगी। सोमवार को पार्लर और बाजार में लगे मेहंदी के स्टॉल पर महिलाओं की भीड़ रही। पार्लर में सजने के लिए महिलाओं ने पहले से ही तैयारी शुरू कर दी है। साड़ी और कपड़ों के बाजार में भी भीड़ बढ़ गई है।
त्योहारी सीजन में बाजार गुलजार हो रहे हैं। बड़ी संख्या में महिलाएं बाजार में पहुंचकर खरीदारी कर रही हैं। उधर, महिलाएं संवरने के लिए पार्लर में भी पहुंच रही हैं। महिलाएं फेशियल और हेयर स्टाइल का कार्य करा रही हैं। शहर में जगह-जगह मेहंदी के स्टॉल लगाए गए हैं, जिन पर पहुंचकर महिलाएं अलग-अलग डिजाइन की मेहंदी लगवा रही हैं।
ब्यूटी क्लीनिक संचालिका रूबी ने बताया कि फिलहाल पार्लर में महिलाओं का फेशियल, ब्लीच के अलावा हेयर स्टाइल का कार्य किया जा रहा है। कुछ महिलाओं ने मेकअप के लिए बुकिंग भी कराई है। इसमें केवल करवा चौथ मैकअप किया जाता है। उन्होंने स्पेशल ऑफर भी निकाला है। पार्लर में फिलहाल हेयर ग्लोबल हाइलाइट्स, हेयर बोटॉक्स ट्रीटमेंट के अलावा मैनिकेयर एंड पेडीकेयर, हेयर स्पा, हेयर पर आदि कार्य किया जा रहा है।
शहर के शिव चौक, भगत सिंह रोड, गांधी कॉलोनी, नई मंडी, रामपुरी, साकेत सहित अन्य जगहों पर मेहंदी के स्टॉल लगाए गए हैं। यहां पहुंचकर महिलाएं अलग-अलग डिजाइन की मेहंदी लगवा रही हैं। सौ रुपये से लेकर हजार रुपये तक की मेहंदी के दाम रखे गए हैं। अलग-अलग डिजाइन के लिए अलग-अलग दाम हैं। त्योहार पर आभूषण की खरीदारी भी बढ़ी है। सराफा बाजार में महिलाओं का आवागमन बढ़ गया है।
धमाकेदार ख़बरें
