गाजियाबाद। इंदिरापुरम के अभय खंड इलाके में जलाल की ईंट से वार कर हत्या करने वाले मकान मालिक इबादत उर्फ डब्बे को पुलिस ने गिरफ्तार कर हत्या का खुलासा किया है। जलाल को इबादत और उसकी पत्नी के प्रेम संबंध के बारे में पता चल गया था। प्रेम संबंध के बारे में पता चलने पर घटना को अंजाम दिया गया है।
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी इबादत से पूछताछ की गई है। पूछताछ में इबादत ने बताया कि जलाल करीब 8 माह से अपनी पत्नी समेत उनके मकान मे किराए पर रह रहा था। इस दौरान उसका मृतक की पत्नी से प्रेम संबंध हो गए। जिसकी जानकारी मृतक को हो गई थी। मृतक की पत्नी ने उस से बातचीत करना बंद कर दिया था। इबादत के द्वारा कुछ दिन पूर्व अपने मकान का किराया मांगा गया।
इस दौरान जलाल ने उनके साथ अपमानजनक भाषा व इशारे का प्रयोग किया था। इसी बात को लेकर उसने जलाल को रास्ते से हटाने का मन बना लिया था। बुधवार को इबादत पान खिलाने के बहाने घर से ले जाकर जलाल को घटनास्थल पर बैठाकर शराब पिलाई। मौका देखकर पीछे से पत्थर से उसके सर पर वार कर उसकी हत्या कर दी थी। इबादत लोकप्रिय विहार खोडा कॉलोनी में रहता है। वह मूल निवासी ग्राम जहांगीरपुर वैसी थाना रंगरा जिला भागलपुर बिहार का रहने वाला है।