मुज़फ्फरनगर : मोरना के एक विधवा महिला ने अपने देवर पर शादी का झांसा देकर कई बार दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है। जब उसने शिकायत की, तो ससुराल वालों ने उसे घर से निकाल दिया। पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ककरौली थाना क्षेत्र की एक महिला ने बताया कि करीब पांच साल पहले उसकी शादी भोपा थाना क्षेत्र के एक युवक से हुई थी। उनका एक बेटा भी है। शादी के तीन साल बाद उसके पति की सड़क हादसे में मौत हो गई। चार महीने की इद्दत पूरी करने के बाद वह अपने मायके चली गई।

इस दौरान, ससुराल वाले मायके पहुंचे और उसे यह कहकर वापस ले गए कि उसकी शादी उसके देवर से करा देंगे। कुछ समय बाद, जब परिवार के लोग खेत में गए थे, तब देवर ने निकाह का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद भी वह लगातार शादी का झांसा देकर उसका शोषण करता रहा।

जब पीड़िता ने निकाह के लिए दबाव डाला, तो आरोपी ने शादी से साफ इनकार कर दिया। जब उसने यह बात ससुराल वालों को बताई, तो उन्होंने उसे घर से निकाल दिया। अब पीड़िता ने पुलिस से इंसाफ की गुहार लगाई है।