नई दिल्ली। महाराष्ट्र के नागपुर में एक महिला और उसके बच्चे पर एसिड अटैक का मामला सामने आया है। विनोबाभावे नगर में रहने वाली लता को मंगलवार सुबह अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाली महिला ने लता से कहा तुम्हारे पति का अफेयर चल रहा है, मिलने आओ तो पूरी जानकारी दूंगी। इस पर लता अपने ढाई साल के बच्चे के साथ घर से बाहर निकली तो स्कूटी सवार लोगों ने उन पर तेजाब फेंक दिया।
गनीमत यह रही कि हमलावरों का निशाना चूक गया, जिससे लता और उनके बच्चे पर ज्यादा एसिड नहीं गिरा। दोनों के हाथ और पेट पर चोट आई है। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल मां-बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें स्कूटी पर सवार दो लोग महिला पर तेजाब फेंकते दिख रहे हैं। मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है।
लता ने बताया- मैं हाउसवाइफ हूं और मेरे पति पुराणिक पेशे से ड्राइवर हैं। हमारा एक ढाई साल का बेटा भी है। मंगलवार सुबह 9 बजे किसी महिला ने फोन कर पति के अफेयर की बात बताई, इससे मैं परेशान हो गई। फोन करने वाली महिला ने मुझे कुंदनलाल गुप्तानगर मिलने को बुलाया और कहा पूरी जानकारी मिलकर ही दूंगी।
लता ने बताया कि वह अपने बेटे को गोद में लेकर घर से निकलीं, तो कुछ ही दूरी पर दो लोग स्कूटी पर आए और उन पर एसिड फेंक दिया। हमलावरों ने बुर्का पहन रखा था, इसीलिए लता उन्हें देख नहीं सकीं। हमले के बाद दोनों वहां से फरार हो गए।
डीसीपी श्रवण दत्ता जोन 5 ने बताया कि स्थानीय पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम जांच में जुटी है। हमला करने वाली एक महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। जल्द ही उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। घायल महिला की हालत ठीक है, उसे अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है।