शामली। शहर कोतवाली क्षेत्र में कैराना रोड शिव विहार काॅलोनी में भाजपा किसान मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष जितेंद्र निर्वाल के घर पर देर रात में दो बाइक सवार नकाबपोश पांच बदमाशों ने पिस्टल व तमंचे से अंधाधुंध फायरिंग की।
फायरिंग से परिवार में दहशत बन गई। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस को मौके से 12 से अधिक खोखे बरामद किए हैं। भाजपा नेता की तरफ से अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। एसपी के अनुसार आरपियों की पहचान हो गई है। फायरिंग पुरानी रंजिश में की गई है।
जिस समय फायरिंग हुई जितेंद्र निर्वाल परिवार के साथ घर में सोए थे। घर में परिवार के करीब 14 सदस्य थे। बताया गया है कि भाजपा नेता के भतीजे ने बदमाशों का वीडियो बनाने का प्रयास किया तो उस पर भी फायर किया, जिसमें वह बाल-बाल बच गया।
फायरिंग से घर दीवार व शीशे पर गोली के निशान मिले हैं। भाजपा नेता की सूचना पर रात में ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और मौके से करीब 12 खोखे बरामद किए। पुलिस के अनुसार बरामद खोते में ज्यादातर पिस्टल के हैं और कुछ तमंचे के दिख रहे हैं। जितेंद्र निर्वाल के अनुसार इसके पीछे क्या वजह रही, इस बारे में फिलहाल कोई जानकारी होने से इंकार किया है।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना : फायरिंग की घटना घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। इसमें बदमाश घर के दरवाजे की तरफ जाते हुए और फायरिंग करते हुए दिख रहे हैं। इसके बाद बाइक से जाते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश दी है।
जांच के लिए एफएसएल भेजे जाएंगे बरामद खोखे : पुलिस का कहना है कि मौके से बरामद हुए खोखों को जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि खोखे कितने बोर के और किस हथियार में इस्तेमाल होते हैं।