अंबाला। हरियाणा के अंबाला में नाबालिग बेटी का यौन शोषण करने वाले बाप को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। 31 साल का आरोपी अपनी 17 साल की बेटी का पिछले सात साल से यौन शोषण कर रहा था। पुलिस ने बुधवार को बताया कि आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने सोमवार को अपने पिता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने उसके पिता को मंगलवार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था। उसे न्यायीक हिरासत में भेज दिया गया है। अपनी शिकायत में लड़की ने आरोप लगाया है कि पिता उसका बार-बार यौन उत्पीड़न करते हैं। पिता ने 10 साल की उम्र में उसके साथ यौन उत्पीड़न शुरू कर दिया था।
जिंदा जलाने की दी थी धमकी
लड़की ने पुलिस को बताया है कि 7 साल पहले वह अपने पिता के साथ एक रिश्तेदार के घर चंडीगढ़ गई थी। उस समय पिता ने उसके साथ पहली बार यौन उत्पीड़न किया था। इसके बाद वह लगातार यौन उत्पीड़न करने लगा। पिता ने बेटी को धमकी दी थी कि अगर उसने अपने साथ हो रही घटना की जानकारी किसी को दी तो उसे और उसकी मां को जिंदा जला देगा।
ऐसे सामने आया मामला
पीड़िता ने कहा कि जब पिता उसके साथ लगातार यौन उत्पीड़न करने लगे तो उसने इसके बारे में एक रिश्तेदार को बताया। इसके बाद दूसरे रिश्तेदारों को भी इसकी जानकारी मिल गई। पीड़िता एक सरकारी स्कूल में पढ़ती है। स्कूल की प्रिंसिपल को इस संबंध में जानकारी मिली तो उन्होंने चाइल्ड हेल्पलाइन को खबर दी। चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने पीड़िता से बात की। इसके बाद शिकायत दर्ज कराया गया।
अंबाला कैंट थाना के एसएचओ नरेश कुमार ने कहा कि एक लड़की ने शिकायत दर्ज कराई थी। लड़की के पिता के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ है। मंगलवार को लड़की की मेडिकल जांच कराई गई। इसके साथ ही पीड़िता का बयान कोर्ट में रिकॉर्ड कराया गया है।