चंडीगढ़. पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में बीते दिन एक बड़ा अपडेट सामने आया। इस हत्याकांड में एनआईए सख्ती से जांच कर रही है और अब जांच की आंच मूसेवाला की मुंहबोली बहन और सिंगर अफसाना खान तक पहुंच गई है। मंगलवार को अफसाना से एनआईए ने लगभग पांच घंटे तक पूछताछ की। एनआईए की टीम को शक है कि सिद्धू की हत्या में अफसाना खान की भूमिका हो सकती है। इस घटना के बाद से ही सोशल मीडिया पर अफसाना खान एक बार फिर चर्चा में आ गई हैं, जो पहले भी विवादों में रह चुकी हैं। आइए आज आपको अफसाना खान के बारे में बताते हैं।
अफसाना खान पंजाब की मशहूर सिंगर हैं, जिसका जन्म 13 जून 1994 को पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब के बादल गांव में हुआ था। अफसाना का परिवार संगीत से जुड़ा हुआ है। उनके दादा पिता और भाई भी संगीतकार हैं, जिस वजह से स्कूल के दिनों से ही अफसाना का ध्यान भी संगीत में रहा है। वह बचपन से ही संगीत में रुचि रखती आई हैं।
कई सिंगर्स की तरह अफसाना ने भी अपने करियर की शुरुआत रियलिटी शो से की थी। वह साल 2012 में सिंगिंग रियलिटी शो ‘वॉइस ऑफ पंजाब सीजन 3’ में नजर आई थीं। इस शो में वह टॉप 5 तक पहुंची थीं। इसके बाद वह ‘राइजिंग स्टार’ नाम के रियलिटी शो का हिस्सा भी रहीं, जिसके बाद अफसाना की पॉपलैरिटी बढ़ने लगी। उन्हें बतौर सिंगर ‘जट्टा सारेम वे तू ढाक्का करदे’ गाने से लोकप्रियता मिली थी।
अफसाना खान का विवादों से गहरा नाता है। अफसाना के खिलाफ साल 2020 में शिकायत दर्ज हुई थी, जिसमें सिंगर पर आरोप था कि उन्होंने सरकारी स्कूल में छात्रों के सामने विवादित गाना गाया था। इस घटना के बाद अफसाना को काफी आलोचना का सामना करना पड़ा था। इतना ही नहीं, जब वह ‘बिग बॉस 15’ का हिस्सा रहीं, तब भी उन्हें ट्रोल होना पड़ा था। शो के दौरान एक बार अफसाना खुद को मारती दिखी थीं, जिसके बाद उन्हें शो से बाहर कर दिया गया था।