कुल्लू। रंग बरसे बड़का बांका किनौरी दाइये रंग बरसे…… पहाड़ी गीत पर कुशल वर्मा ने सैकड़ों दर्शकों को नचाया। इसमें पंजाबी, फिल्मी व अन्य गीतों से वर्मा ने दर्शकों का मनोरंजन कर उन्हें नाचने को मजबूर कर दिया। कुल्लू के ऐतिहासिक कलाकेंद्र में शनिवार को सैंज वैली एसोसिएशन ने एक दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के सचिव आदित्य विक्रम सिंह ठाकुर बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए। उन्होंने दर्शकों को सांस्कृतिक लोकगीतों की संस्कृति के बारे में जानकारी दी। इस दौरान कुशल वर्मा ने कई गीतों को गाकर व लोगों को नचाकर खूब वाहवाही लूटी। उन्होंने पहाड़ी गीत पैडल मारी-मारी साइकिल चलांदी, झेचे री लानी शौरी, गोरा तेरा मुखडू झप केरदा और पंजाबी गीत गडे पे नी चढ़दी, फिल्मी गीत जीने के है चार दिन समेत अन्य गीत प्रस्तुत किए।
लोक कलाकार गोपाल चौधरी ने लोतू फाउला पहाड़ी नाटी से तालियां बटोरीं। सैंज वैली एसोसिएशन के प्रधान देव नेगी ने बताया कि प्रतिवर्ष कुल्लू के कलाकेंद्र में कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इसमें दर्शकों का खूब मनोरंजन किया जाता है। इस अवसर पर कांग्रेस के जिला महासचिव तेजा सिंह, जिला कांग्रेस प्रवक्ता घनश्याम गौतम, जिला कांग्रेस सचिव अमर सिंह, नरेश ठाकुर, राज कुमार, चमन, मोहर सिंह, ओम दत्त, मोहन लाल व सैंज एसोसिएशन की सचिव दीक्षा ठाकुर, बोबी ठाकुर, अभी नेगी, सौरव चौहान व राहुल उपस्थित रहे।