मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के अध्यक्ष सरदार वीएम सिंह ने कहा कि लखीमपुर खीरी कांड की जांच यूपी से बाहर कराई जाए। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्रा को तुरंत नैतिकता के आधार पर अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने किसानों से 10 अक्तूबर को अमरोहा में होने वाली संगठन की गन्ना ब्याज हुंकार रैली में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया।

सरदार वीएम सिंह मंसूरपुर में देवराना होटल में विकास बालियान की पुत्री के सगाई समारोह में शामिल होने के बाद पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लखीमपुर खीरी में शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे किसानों के ऊपर गाड़ी चलाना अत्यंत निंदनीय है। केंद्रीय गृह राज्यमंत्री के बेटे का नाम केस में शामिल है। उसे तुरंत गिरफ्तार करना चाहिए तथा केंद्रीय गृह राज्य मंत्री को अपने पद से तुरंत इस्तीफा देना चाहिए। उनके पद पर रहते निष्पक्ष जांच संभव नहीं है। लखीमपुर कांड की जांच उत्तर प्रदेश राज्य से बाहर कराई जाए।

तीन कृषि बिलों पर वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ किसान नेता इन मुद्दों पर राजनीति कर रहे हैं। किसानों की उचित मांगे नहीं उठा रहे हैं। गन्ना किसान इन बिलों के पास होने ना होने से प्रभावित नहीं होंगे। उन्होंने आज 10 अक्तूबर को किसान मजदूर संगठन के तत्वाधान में होने वाली गन्ना ब्याज हुंकार रैली में किसानों से अधिक से अधिक पहुंचने का आह्वान किया।