मेरठ। लूट और चोरी की घटना के बाद पुलिस ने मंगलवार को बदमाशों की तलाश में रात को ताबड़तोड़ दबिश दी। लालकुर्ती में एक बदमाश के पैर में गोली मारने के बाद रात दो बजे नौचंदी ग्राउंड में मुठभेड़ में लिसाड़ीगेट के दो बदमाशों को गोली मार दी। घायल बदमाशों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि बदमाशों पर लूट और चोरी के कई मुकदमे पंजीकृत हैं।
एसपी सिटी पीयूष सिंह ने बताया कि एसओजी और नौचंदी पुलिस मंगलवार रात दो बजे नौचंदी ग्राउंड में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर दो युवक आए, पुलिस ने उनको रुकने का इशारा किया। दोनों युवकों ने पुलिस टीम पर गोलियां चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली दोनों बदमाशों के पैर में लग गई। घायल बदमाशों से पूछताछ की। जिसमें उन्होंने अपना नाम आजाद और शकील बताया, जो कि लिसाड़ीगेट के निवासी हैं। पुलिस का दावा है कि तीन दिन पहले उक्त दोनों बदमाशों ने शास्त्रीनगर में पूर्व पार्षद अशोक सिंघल की पत्नी रेखा सिंघल से चेन छीनी थी। इसके अलावा भी उक्त दोनों बदमाशों ने लूट-चोरी की वारदात की हुई हैं। अस्पताल में भर्ती करने के बाद पुलिस ने बदमाशों से सुरंग बनाकर सराफ की दुकान में चोरी की घटना के बारे में जानकारी ली। दोनों बदमाशों ने इस घटना से इन्कार कर दिया। पुलिस ने दोनों से जानकारी लेकर लिसाड़ीगेट में संदिग्ध बदमाशों की तलाश में देर रात तक अभियान चलाया।
वहीं, लालकुर्ती के होमगार्ड चौराहे पर लालकुर्ती पुलिस की बाइक सवार बदमाश हाजी इलियास चौक लिसाड़ी गेट निवासी दिलशाद पुत्र शरीफ अहमद से मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी से तमंचा व बाइक बरामद की है।