मुजफ्फरनगर। तापमान एक बार फिर 40 डिग्री को पार कर गया। अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था लू के थपेड़ों से लोग बेहाल रहे। गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली व्यवस्था भी गड़बड़ाने लगी है। शहर से लेकर देहात तक बिजली कट लगते रहे। लो वोल्टेज से लोगों के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नहीं चले। दिन का तापमान 2.8 डिग्री बढ़ गया वहीं बिजली आपूर्ति की व्यवस्था भी गड़बड़ा गई। दिनभर बिजली कट लगते रहे और वोल्टेज कम आने से एसी, कूलर भी शोपीस बनकर रह गए। दोपहर के समय लोग कम निकले और बाजार में सन्नाटा छाया रहा। शनिवार को अधिकतम तापमान 41.1 और न्यूनतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया।
शुक्रवार रात शहर में कई बार बिजली कभी 15 मिनट तो कभी 30 मिनट के लिए आती-जाती रही। टाउनहाल बिजलीघर के अधिशासी अभियंता डीसी शर्मा का कहना है कि किसी फाल्ट के कारण कट होता है, तो उसे जल्द ही ठीक करा दिया जाता है।
पुरकाजी। बिजलीघर के ट्रांसफार्मर में खराबी आ जाने से कस्बे की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई, जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। शनिवार सुबह करीब आठ बजे ठप हुई विद्युत आपूर्ति दोपहर करीब दो बजे चालू हो पाई। इस दौरान गर्मी में लोगों का बुरा हाल रहा। यही नहीं पेयजल की आपूर्ति भी बाधित हो गई। एसडीओ विद्युत अजय यादव ने बताया कि गर्मी के कारण विद्युत भार बढ़ा हुआ है, जिससे ट्रांसफार्मर में खराबी आ गई थी।