शामली। जनपद के थानाभवन में शनिवार दोपहर करीब एक बजे हजारों लोगों की उपस्थिति में गन्ना मंत्री सुरेश राणा के पिता ठाकुर रणवीर सिंह पंचतत्व में विलीन हो गए। इस दौरान उनके पोते व दूसरे नंबर के पुत्र नरेश राणा के बेटे अर्जुन राणा ने अपने दादा को मुखाग्नि दी।


शनिवार को दिन निकलते ही हजारों की संख्या में गन्ना मंत्री के समर्थक, रिश्तेदार, दोस्त, समाज व आसपास क्षेत्र के लोग उनके आवास पर पहुंचने शुरू हो गए थे। ग्यारह बजे गन्ना मंत्री के पिता ठाकुर रणवीर सिंह की अंतिम यात्रा शुरू हुई तो जनसैलाब उमड़ पड़ा। हजारों की संख्या में लोग अंतिम यात्रा में शामिल हुए। हालांकि शनिवार को कस्बे में बाजार बंद रहता है। लेकिन शनिवार को कस्बे में शांत भीड़ रही।


भीड़ इतनी अधिक थी कि पुलिस को पीएससी व शामली ट्रैफिक पुलिस की मदद लेनी पड़ी। जिसके बाद कस्बे के दोनों और दिल्ली सहारनपुर हाईवे को बंद कर दिया गया। अंतिम संस्कार होने के बाद इन रूटों पर आवागमन शुरू कराया गया।


अंतिम यात्रा गन्ना मंत्री के आवास चौधरान पट्टी से शुरू होकर सामुदायिक चिकित्सालय के समीप स्थित श्मशान घाट तक पहुंची। जहां गन्ना मंत्री के भतीजे अर्जुन राणा ने ठाकुर रणवीर सिंह को मुखाग्नि दी।
इस दौरान शासन प्रशासन से लेकर विभिन्न विधायक व सैकड़ों जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जिनके साथ आसपास क्षेत्र के हजारों लोगों ने मुखाग्नि से पहले पार्थिव शरीर को नम आंखों के साथ श्रद्धांजलि दी।