रामपुर। रामपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव में मुस्लिम नेता खुलकर भाजपा के साथ आ रहे हैं। इससे सपा के लिए खतरे की घंटी बज रही है। पूर्व मंत्री नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां और गन्ना विकास परिषद के पूर्व अध्यक्ष बाबर अली खां भाजपा को समर्थन देने की घोषणा कर चुके हैं।
नवेद मियांं और बाबर अली कांग्रेस में हैं, फिर भी भाजपा के साथ हैं। अब राष्ट्रीय लोकदल के पूर्व जिलाध्यक्ष मोहम्मद उसमान ने भी भाजपा के समर्थन की घोषणा कर दी है। सपा के भी कई लोग भाजपा नेताओं के संपर्क में बताए जा रहे हैं। जो भाजपा में शामिल हो सकते हैं।
रामपुर की सियासत में नवाब खानदान और आजम खां के परिवार का दबदबा रहा है। आजम खां शहर से 10 बार विधायक चुने गए तो लोकसभा सदस्य व राज्यसभा सदस्य भी रहे हैं। उनकी पत्नी डा. तजीन फात्मा भी राज्यसभा सदस्य व शहर विधायक रही हैं। उनके बेटे अब्दुल्ला आजम दूसरी बार स्वार-टांडा से विधायक हैं।
नवेद बिलासपुर व स्वार से पांच बार विधायक चुने गए हैं तो प्रदेश सकार में मंत्री भी रहे हैं, जबकि इनके पिता स्वर्गीय जुल्फिकार अली खां उर्फ मिक्की मियां पांच बार और मां बेगम नूरबानो दो बार लोकसभा सदस्य रहीं है। दोनों परिवारों में शुरू से ही छत्तीस का आंकड़ा है। आजम खां से अदावत के चलते ही नवेद मियां ने भाजपा के समर्थन का ऐलान किया। उनके साथ ही भाजपा को समर्थन देने वाले बाबर अली खां भी लंबे समय तक गन्ना परिषद के चेयरमैन रहे हैं।
नवेद मियां और बाबर खा ने जून माह में हुए लोकसभा उपचुनाव के दौरान भी भाजपा का साथ दिया था, तब भाजपा चुनाव जीत गई थी। अब फिर इनके द्वारा भाजपा को समर्थन दिए जाने से सपा खेमे में खलबली मच गई है। सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गोयल ने तो इस संबंध में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को भी पत्र लिख दिया है।
इसमें कहा है कि कांग्रेस के जिलाध्यक्ष एवं शहर अध्यक्ष के अलावा अन्य कांग्रेसी नेता खासकर कांग्रेस के संचालन केंद्र नूरमहल द्वारा खुलकर भाजपा का समर्थन किया जा रहा है। जिले में कांग्रेस के वजूद को खत्म करने के लिए नवेद मियां और मुतिउर्हमान खां बबलू द्वारा षडयंत्र रचा जा रहा है। नवेद मियां इसी साल हुए विधानसभा चुनाव में भी शहर से कांग्रेस प्रत्याशी थे और मात्र चार हजार वोट ही मिल सके थे।
इस पत्र को लेकर नवेद मियां ने कहा कि कांग्रेस की चिंता के लिए वीरेंद्र गोयल का आभार। आइये आपका कांग्रेस में स्वागत है। कल नूरमहल में आपकी कांग्रेस में ज्वाइनिंग हो जाएगी।
रालोद के पूर्व जिलाध्यक्ष उसमान ने रविवार को भाजपा प्रत्याशी आकाश सक्सेना को समर्थन दिया। उनकी सभा में भी शामिल हुए। कहा कि आजम खां ने जनता पर जुल्म किए हैं, इसकी कारण हम उनका विरोध कर रहे हैं और भाजपा का समर्थन कर रहे हैं। राष्ट्रीय लोकदल नेतृत्व चाहे तो पार्टी में रखें और न चाहे तो निकाल दे।