बुढ़ाना। घरौनी वितरण कार्यक्रम में किसान और राजस्व निरीक्षक के बीच कहासुनी हो गई। किसान ने भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर हंगामा किया। रालोद विधानमंडल दल के नेता राजपाल बालियान ने बीच-बचाव कराया। फुगाना गांव के किसान मुकेश मलिक ने बताया कि तहसील क्षेत्र के 40 प्रतिशत किसानों की खतौनी में हिस्से गलत दर्शाएं गए है। हिस्सा ठीक करवाने के लिए किसान को कर्मचारियों व अधिकारियों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।

इस दौरान राजस्व निरीक्षक की किसान के साथ कहासुनी हुई। विधायक राजपाल बालियान ने राजस्व निरीक्षक के व्यवहार पर नाराजगी जताई। बाद में राजस्व निरीक्षक मौके से चला गया। एसडीएम राजकुमार भारती ने कहा कि जांच कराई जाएगी। किसान ने बताया कि भ्रष्टाचार की शिकायत जिलाधिकारी से भी की जाएगी।