मुजफ्फरनगर। परिवहन निगम मुजफ्फरनगर डिपो ने हरियाणा प्रदेश की सीमा जगाधरी से सटे जनपद सहारनपुर के सरसावा तक यात्रियों की सुविधा के लिए दो रोडवेज बसों का संचालन शुरू किया है। इस मार्ग पर पहली बार दो बसों का आवागमन शुरू हुआ है।
मुजफ्फरनगर डिपो ने उन मार्गाें पर बसों का संचालन करना शुरू किया है, जिन मार्गों पर अभी तक बसों का आवागमन नहीं होता था। हाल ही में जनपद के कस्बा पुरकाजी से मेरठ व वापस में रुड़की तक दो रोडवेज बसों का संचालन शुरू किया था। इसके बाद अब मुजफ्फरनगर डिपो ने जिले से हरियाणा प्रदेश की सीमा वाले जनपद सहारनपुर के सरसावा कस्बे तक दो रोडवेज बसों का संचालन शुरू किया है। दोनों बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है। इन दो बसों के चलने से मुजफ्फरनगर से सहारनपुर मार्ग पर पड़ने वाले कस्बों के लोगों को भी लाभ मिलेगा।
इन दोनों बसों का मुजफ्फरनगर से सरसावा आने जाने वाले लोगों को सीधे फायदा होगा, क्योंकि पहले सहारनपुर से बस बदलनी होती थी या फिर चंडीगढ़ जाने वाली बस पर निर्भर रहना पड़ता था। अब इन बसों में मुजफ्फरनगर से सहारनपुर होते हुए सरसावा सीधे पहुंचा जा सकता है। मुजफ्फरनगर से सरसावा तक 95 किलोमीटर यात्रा का किराया 145 रुपये है। परिवहन निगम मुजफ्फरनगर डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक प्रभात कुमार सिन्हा ने बताया कि इन दोनों बसों का हरियाणा जाने वाले यात्रियों को भी लाभ मिलेगा।