बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जनपद में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। बिलोचपुरा गांव स्थित बालाजी भट्टे की बाहरी प्लेट गिरने से दो मासूम बच्चों की दबकर मौत हो गई। बच्चों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा है। बताया गया कि इस दर्दनाक हादसे में तालिब (3) और सिदरा (5) की मौत हुई है। इस घटना से गांव में भी मातम छा गया है।
अमीनगर सराय क्षेत्र में बिलौचपुरा गांव के जंगल में स्थित ईंट भट्ठे पर ईंटों की ढांग गिरने से भाई-बहन की दबने से मौत हो गई। जिसका पता चलने पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला। उधर, ग्रामीणों ने ईंट भट्ठे पर हंगामा किया। बिलौचपुरा गांव का रहने वाला सलमान अपने परिवार के साथ बालाजी ब्रिकफील्ड पर मजदूरी करता है। बताया कि शनिवार को वह ईंट भट्ठे पर मजदूरी कर रहा था और उसका बेटा तालिब (3) और बेटी सिदरा (5) पास में चारपाई पर बैठे थे।
बताया कि शनिवार को ईंट भट्ठे पर ईंटों की एक ढांग भरभराकर गिर गई। जिसके नीचे तालिब और सिदरा भी दब गए। ढांग गिरते ही मजदूर दौड़ पड़े और बच्चों को निकालने में जुट गए। इस दौरान मजदूरों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों भाई बहन के शवों को निकाला। इसके बाद बिलौचपुरा के ग्रामीण भी ईंट भट्ठे पर पहुंच गए। जिन्होंने भट्ठा संचालक पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा होने पर ईंट भट्ठे का मुनीम भाग गया। बिलौचपुरा के ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हादसे की सूचना पुलिस को दे दी गई थी। जिसके दो घंटे बाद पुलिस पहुंची।