शामली। अप्रैल के महीने में दिन में लू के थपेड़ों के बीच सड़क पर चलना कठिन हो रहा है। मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आज से मौसम में परिवर्तन होने की संभावना है। जिससे गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
मंगलवार को सुबह दस बजे से ही गर्मी ने असर दिखाना शुरू कर दिया। दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक सड़कों का निकलना कठिन हो गया। लू के थपेड़ों से बचने के लिए लोग मुंह पर कपड़ा लपेटकर निकले। दिन का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
16 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गर्भ हवा चली। सरदार बल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय मेरठ के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ से पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। मंगलवार शाम को आकाश में बादल छा गए। 20 और 21 अप्रैल को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में तेज हवा, गरज के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना है।