
जलालाबाद। माता शाकंभरी देवी पदयात्रा लेकर जा रहे पांच अलग-अलग जत्थों को पुलिस ने थानाभवन क्षेत्र में प्रवेश करते ही रोक दिए। श्रद्धालु नाराजगी जताते हुए पदयात्रा करने पर अड़े रहे। देर शाम सहमति बनने पर पदयात्रा रवाना हुई।
शामली से माता शाकंभरी देवी पदयात्रा लेकर जा रहे श्रद्धालुओं के जत्थों को थानाभवन पुलिस ने बजाज शुगर मिल के पास रोक दिया। श्रद्धालुओं ने बताया कि शामली से मां शाकंभरी देवी युवा सेवा संघ दयानंद नगर, नोकुआं रोड पदयात्रा, मोहल्ला बरखंडी पदयात्रा, करमू खेड़ी रविदास मंदिर पदयात्रा, विवेक विहार पदयात्रा शामली से अलग-अलग जत्थे लेकर कुछ श्रद्धालु शाकंभरी देवी जा रहे थे। श्रद्धालुओं के अनुसार पुलिस ने उनकी पदयात्रा पर रोक लगा दी। पुलिस ने डीजे की गाड़ी पर अधिक चौड़ाई में कालम बांधने एवं सड़क का मार्ग अवरुद्ध होने को लेकर पद यात्रियों को रोका था।
पुलिस ने पदयात्रियों से डीजे के कालम की चौड़ाई कम करने का अनुरोध किया। तभी पद यात्रा पूरी करने की अनुमति देने की बात कही। जिससे पदयात्रा रोकते ही श्रद्धालुओं में आक्रोश फैल गया। उन्होंने उच्च अधिकारियों से भी वार्ता की। जानकारी के अनुसार दयानंद नगर शामली पदयात्रा को रात्रि में ही रोक लिया गया था। जबकि अन्य चार पदयात्रा सुबह रोकी गई थी। देर शाम पुलिस से सहमति बनने पर यात्राएं अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गई। इस मामले में श्रद्धालुओं ने पुलिस की कार्यशैली से नाराजगी जाहिर की है।
थाना प्रभारी का कहना है कि पद यात्रा को नहीं रोका गया है। डीजे के कालम की चौड़ाई कम करने का अनुरोध किया गया था, ताकि यातायात प्रभावित न हो। शाम को सभी पद यात्राओं को रवाना कर दिया गया है।
धमाकेदार ख़बरें
