लखनऊ। विश्व पटल पर इतिहास रचने वाले चंद्रयान-3 के लैंडर के सवालों से सिपाही भर्ती के परीक्षार्थी रुबरु हुए। इसके अलावा रुस-यूक्रेन संघर्ष में नागरिको की मदद के लिए भारत की ओर से अपनाए गये आपरेशन जैसे अन्य कई सवालों का परीक्षार्थियों ने जवाब दिया।

राजधानी के 113 केंद्रों पर रविवार को आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा में हजारों की संख्या में परीक्षार्थी शामिल हुए। चारबाग स्थित निजी परीक्षा केंद्र पर शामिल परीक्षार्थियों ने बताया कि सिपाही भर्ती परीक्षा में कुल 150 प्रश्न हल करने के लिए 120 मिनट का समय दिया गया था।

परीक्षा में 30 से अधिक ऐसे सवाल थे जो कहीं न कहीं पुलिसकर्मी की ड्यूटी से जुड़े हुए थे। इसके अलावा धार्मिक स्थानों की सुरक्षा, जनता की मदद और आंदोलन को रोकने में पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी सहित अन्य तरह के प्रश्न शामिल थे।

परीक्षार्थी अनूप ने बताया कि अन्य विषय के सापेक्ष गणित के सवाल कठिन थे। सामान्य अध्ययन के सवाल ज्यादा पूछे गये थे। अपराध की रोकथाम में पुलिस विभाग की जिम्मेदारी जैसे कई सवाल शामिल थे जिनका जवाब देना इतना आसान नहीं था। ये सवाल उलझाने वाले थे।

बताया कि अमृत भारत ट्रेन की शुरुआत, साल 2016 की नोटबंदी, जनगणना, लिंगानुपात, आपराधिक जांच सहित अन्य तरह के सवाल शामिल थे। हालांकि, परीक्षा निगेटिव मार्किंग पर आधारित थी। ऐसे में सभी सवालों को हल करते समय बहुत सावधानी बरतनी पड़ी।