मेरठ। मेरठ सहित पूरे वेस्ट यूपी में सितंबर के आखिरी हफ्ते में झमाझम बरसात के बीच सोमवार को खिली धूप निकली है, आसमान पर बादल भी नजर आ रहे थे। हालांकि धूप के संकेत रविवार की दोपहर को ही मिल गए थे। रविवार को अधिकतम तापमान 29.9 और न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा। अब माना जा रहा है कि बरसात का दौर थम जाएगा।
मौसम विभाग ने शनिवार को शाम साढ़े छह बजे मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत और बिजनौर के लिए ग्रे एलर्ट जारी किया था। इसके तहत दो घंटे के अंतराल में 15 मिलीमीटर तक बारिश और तेज हवायें चलने का पूर्वानुमान होता है। वहीं हरियाणा के पानीपत, हिसार रोहतक के लिए रेड एलर्ट जारी किया था। दिन में मेरठ में पानी नहीं बरसा। रविवार को भी मेरठ में बरसात नहीं हुई।
इसके पूर्व शुक्रवार की रात में भी रिमझिम बूंदाबांदी होती रही। शनिवार की सुबह तक 28.5 मिलीमीटर बरसात रिकार्ड की गई थी। मेरठ में सितंबर में सामान्य वर्षा 130 मिलीमीटर होती है। सितंबर में सामान्य से अधिक बरसात का ट्रेंड पिछले तीन चार वर्षों में बढ़ा है। इसके पूर्व में वर्षा का आंकड़ा 100 से कम ही रहता था। वर्ष 2021 में भी 274 मिलीमीटर बरसात हुई थी। इस बार अब तक 204 मिलीमीटर वर्षा हो चुकी है।
वहीं कृषि प्रणाली संस्थान के प्रधान मौसम विज्ञानी डा. एन. सुभाष ने बताया कि रविवार को भी बरसात की संभावना बनी हुई थी। आमतौर पर मानसून 25 सितंबर तक वापस हो जाता है लेकिन इस बार मानसून अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में वापस होगा। हालांकि अब मौसम के खुलने के संकेत हैं।
बागपत में चार दिन बरसात होने के बाद सोमवार की सुबह मौसम बदला, कोहरा छाया। दिल्ली हाईवे पर कोहरे के बीच गुजरे वाहन। लगातार वर्षा के कारण मौसम ठंडा हो गया। रविवार को कम बारिश होने से राहत पहुंची। सोमवार की सुबह कोहरा छाने से आवागमन प्रभावित रहा। सबसे ज्यादा दिक्कत ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस वे और दिल्ली सहारनपुर हाईवे पर वाहन चालको को उठानी पड़ी। तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हुई है। न्यूनतम तापमान जहां 24.5 रहा जबकि अधिकतम तापमान 31 रिकॉर्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञ अंकिता नेगी ने बताया हल्के बदल छाए रहेंगे। मौसम बदलता रहेगा।
वहीं बिजनौर में दो दिन तक बरसात के बाद सोमवार को आसमान सुबह से ही एकदम साफ है। सुबह हल्का कोहरा भी आया। मौसम में गर्मी और उमस का असर नहीं है। अब मौसम में ठंडक ही बढ़ेगी। नगीना स्थित मौसम।वेधशाला के प्रेक्षक सतीश कुमार के अनुसार अब गर्मी और उमस का असर नहीं बढ़ेगा। मौसम बदलना शुरू हो गया है।