शामली। क्षेत्र के गांव पेलखा में काफी समय से तालाब की भूमि व खेल मैदान पर किए गए कब्जे को शुक्रवार को राजस्व विभाग की टीम ने हटवा दिया। मौके पर मौजूद भारी पुलिस फोर्स देखकर किसी ने विरोध नहीं किया।
क्षेत्र के गांव पेलखा में काफी समय से कुछ लोगों ने तालाब की भूमि पर कब्जा कर वहां दीवार खड़ी कर दी गई थी। वहीं गांव में स्थित बच्चों के खेलने के मैदान पर भी कब्जा कर रखा था। जिसके चलते ग्रामीणों व बच्चों को भर्ती व खेलने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीण काफी समय से प्रधान पति से अवैध कब्जा हटवाने की मांग कर रहे थे। प्रधानपति अरविंद कुमार ने भी उच्चाधिकारियों से अवैध कब्जा हटवाए जाने की मांग की थी।
शुक्रवार को राजस्व विभाग की टीम पुलिस के साथ जेसीबी मशीन लेकर गांव में पहुंची तथा तालाब की भूमि पर दीवार बनाकर किए गए अवैध कब्जे को ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा खेल मैदान पर फसल बो कर किए गए अवैध कब्जे को मुक्त कराते हुए भूमि को समतल करा दिया गया। लेखपाल नरेश मलिक ने चेतावनी दी कि भूमि पर फिर से कब्जा करने का प्रयास किया गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान कुछ लोग अपना कब्जा भी खुद ही हटाते नजर आए।