शामली। कैराना के एक ही मोहल्ले के दो दोस्त यमुना में नहाते समय गहरे कुंड में समा गए। तीसरे साथी द्वारा शोर मचाने पर प्राइवेट गोताखोरों ने यमुना में छलांग लगाकर युवकों की तलाश शुरू कर दी। लेकिन अभी तक यमुना में डूबे युवकों का पता नहीं चल सका। बताया गया कि तीनों युवक पानीपत से वापस लौट रहे थे, इसी दौरान वे यमुना नदी में नहाने लगे।
बृहस्पतिवार को मोहल्ला दरबार खुर्द निवासी 19 वर्षीय आसिफ, 18 वर्षीय साजेब व एक अन्य युवक पानीपत फिल्म देखने गए थे। फिल्म देखने के बाद तीनों साथी शाम करीब चार बजे वापस लौटते समय हरियाणा की साइड यमुना नदी में नहाने लगे। इस दौरान आसिफ व साजेब यमुना नदी के गहरे पानी में डूब गए। साथियों को यमुना में डूबता देख तीसरे युवक ने शोर मचा दिया। जिसके बाद यमुना पुल पुलिस चौकी इंचार्ज एसआई मुनेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और प्राइवेट गोताखोरों की मदद से युवकों की तलाश शुरू करा दी।
सूचना पर यमुना में डूबे युवकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। एसआई मुनेंद्र सिंह ने बताया कि यमुना में डूबे दोनों युवकों की गोताखोरों की मदद से तलाश की जा रही है।