मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली के रोहाना कलां क्षेत्र में मंगलवार की रात हुए दो सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।
रोहाना शुगर मिल काॅलोनी निवासी प्रदीप कश्यप देर शाम साइकिकल पर छपार रोड से होते हुए घर जा रहा था। रास्ते में पीछे से तेज गति से आए अज्ञात वाहन ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में घायल प्रदीप को राहगीर उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए। डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, हादसे के बाद चालक अपने वाहन को लेकर फरार हो गया। शहर कोतवाली प्रभारी महावीर सिंह ने बताया कि मृतक के भाई सतेंद्र ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया हैं।
इसके अलावा मुजफ्फरनगर-सहारनपुर रोड पर ढाबा संचालक विजेंद्र यादव मंगलवार की रात सड़क पार कर रहे थे। तभी उसे अज्ञात वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। उसे घायल हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। अभी इस मामले में तहरीर नहीं दी गई हैं।
थाना सिविल लाइन क्षेत्र में पुल के नीचे एक युवक (35) बुधवार सुबह मृत हालत में पड़ा मिला। मृतक की पहचान नहीं हो सकी। थाना प्रभारी अजय श्रोत्रिय ने बताया कि मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया हैं। लोगों का कहना है कि युवक मनोरोगी था और कई दिन से इधर से उधर घूमता देखा गया था। संभवत: उसकी मौत सर्दी लगने से हुई हैं। मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही पता चल पाएगा।