सहारनपुर।  गांव गंझेड़ी निवासी सेना के जवान फरमान त्यागी का ड्यूटी के दौरान हादसे में निधन हो गया। फरमान बम डिस्पोजल यूनिट में तैनात थे और बेहद जांबाज थे। आज उनका पार्थिव शरीर सहारनपुर पहुंचेगा। राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी।

नागल थाना क्षेत्र के गांव गंझेडी निवासी सेना के जवान फरमान त्यागी (31) का ड्यूटी के दौरान बाराबंकी में हादसे में निधन हो गया। फरमान बम डिस्पोजल यूनिट बाराबंकी में तैनात थे। बृहस्पतिवार को उनकी ड्यूटी छावनी गेट पर थी। दोपहर के वक्त सेना का एक ट्रक बाहर से आया था। फरमान जिस वक्त गेट खोल रहे थे, अचानक ट्रक के ब्रेक फेल हो गए। ट्रक ने फरमान को टक्कर मार दी। हादसे में उनका निधन हो गया। उनका पार्थिव शरीर आज गांव में पहुंचेगा, जहां उन्हें राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। परिजन पथराई आंखों से उनके पार्थिव शरीर का इंतजार कर रहे हैं। फरमान की चार साल पहले शादी हुई थी। उनके दो साल की बेटी है।