आगरा। आगरा में दिनदहाड़े बदमाशों ने हथियारों के बल पर दहशत फैला दी। वह एक सराफ की दुकान पर घुसे और लाखों की लूट को अंजाम दिया। विरोध करने पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस दौरान गोली लगने से 4 लोग घायल हो गए।
घटना लोहा मंडी थाना क्षेत्र के नौबस्ता बजारा की है। यहां शनिवार दोपहर दिनदहाड़े घने बाजार में बदमाशों ने फायरिंग करके दहशत फैला दी। बदमाशों ने सराफ की दुकान में लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना के समय सराफ की दुकान पर दो महिलाएं मौजूद थीं। इसी समय एक बदमाश दुकान के अंदर आया जबकि दूसरा दुकान के बाहर खड़ा था। दुकान के अंदर घुसे बदमाश ने सोनें की छह चेन छीन लीं और भागने लगे।
इस पर व्यापारी सोनू अग्रवाल ने शोर मचाया तो आसपास के दुकानदार दौड़े। बदमाश का साथी 50 मीटर की दूरी पर पल्सर बाइक लेकर खड़ा हुआ था। दोनों उस पर बैठकर भागने लगे। व्यापारियों ने पकड़ने का प्रयास किया तो बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाना शुरू कर दिया।
इसमें 4 लोग घायल हो गए। गोली चलने से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। शटर गिरने लगे। सूचना पर पुलिस बल पहुंच गई। लेकिन, तब तक बदमाश राजा मंडी मार्ग होते हुए भाग निकले। पुलिस ने पहुंचकर व्यापारी से बात की। घेराबंदी करने पर भी बदमाश हाथ नहीं आ सके।
घटना की सूचना पर पुलिस कमिश्नर प्रीतिंदर सिंह, अपर आयुक्त केशव चौधरी सहित अन्य पुलिस अधिकारी पहुंच गए। उन्होंने व्यापारियों से बात करके घचना की जानकारी ली। घटना से व्यापारियों में आक्रोश है। उनका कहना है कि पुलिस की गश्त नहीं रहती है। इस वजह से वारदात हुई है।
वारदात को अंजाम देकर भाग रहे बदमाशों का सीसीटीवी भी सामने आया है। इस दौरान लोगों ने उनका पीछा किया तो उन्होंने लोगों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दी। इससे बाजार में दहशत का माहौल हो गया।
बदमाशों द्वारा फायरिंग करने की घटना में स्थानीय निवासी शरीफ घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है। उसके इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पाकर परिजन भी बेटे का हाल जानने अस्पताल पहुंच गए।
बदमाशों की गोली लगने से धनौली निवासी सोनू बघेल घायल हो गया। वह एक दूध की दुकान पर काम करता है। उसे भी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आयुक्त घायलों का हाल जानने के अस्पताल पहुंचे।
घटना की सूचना पाकर पुलिस आयुक्त मौके पर पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों से बात करके घटना की जानकारी ली। कहा कि बदमाशों को पकड़ने के लिए टीम बना दी गई है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल भी जाना।