सोमवार से विधिवत रुप से वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रैक पर दौड़ेगी। यह ट्रेन देहरादून से आनंद विहार तो आनंद विहार से देहरादून के बीच बुधवार को छोड़कर रोजाना संचालित होगी। ट्रेन देहरादून से आनंद विहार के बीच की दूरी 4.45 घंटे में पूरा करेगी। ट्रेन के संचालित होने से सहारनपुरवासियों को फायदा होगा।
रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने 25 मई को सहारनपुर से हरी झंडी दिखाकर वंदे भारत एक्सप्रेस को रवाना किया था। अब सोमवार से ट्रेन रोजाना संचालित होगी। ट्रेन देहरादून से चलकर सुबह 9.32 बजे सहारनपुर पहुंचेगी। जबकि वापसी में आनंद विहार से चलकर ट्रेन रात्रि 7.55 बजे सहारनपुर स्टेशन पहुंचेगी। वंदे भारत का अप व डाउन में पांच मिनट स्टापेज रहेगा। वंदे भारत एक्सप्रेस में आठ कोच है। इनमें एक कोच एग्जीक्यूटिव है। ट्रेन में सेल्फ प्रोपेल्ड इंजन लगा है जो ट्रेन को जल्दी से स्पीड पकड़ने में मदद करती है। वंदे भारत एक्सप्रेस 52 सेंकेड में सौ किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड पकड़ने में सक्षम है। ट्रेन के कोच में सीसीटीवी से लेकर वाई फाई तक की सुविधा उपलब्ध है।