बागपत. गर्मी का प्रकोप झेल रहे है लोगों को गुरुवार की सुबह राहत पहुंची है। मेरठ, बागपत सहित पूरे वेस्ट यूपी में आकाश में बादल आ गए और धूल भरी आंधी चलने लगी। गर्मी से जहां राहत पहुंची, वहीं धूलभरी आंधी के कारण सांस लेना भी दूभर हो गया। वहीं किसानों को चिंता सताने लगी। बदलते मौसम को देखते हुए कटाई को रोक दिया। थ्रेसर मसीन में तेजी से गेहूं निकालना शुरू कर दिया।
गर्मी से मिली राहत
गुरुवार की सुबह मौसम में एकाएक बदलाव हो गया। गर्मी से लोगों को थोड़ी निजात मिली, आसमान में बादल छाने से गर्मी की तपिश कम हुई। वहीं धूल भरी हवा चलने से सांस के मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। चिकित्सकों ने सांस के मरीजों को घर से बाहर निकलने की मनाही की है। साथ ही मकान से बाहर निकलने पर मुंह पर कपड़ा या मास्क लगाने की सलाह दी है। दूसरी ओर बाजारों में बिना मास्क लगाए लोगों का घूमना बरकरार है। बाजारों में पुलिस लोगों से मास्क लगाने की अपील कर रही है।
किसानों के लिए चिंता की बात
आंधी की वजह से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। किसानों को माथों पर चिंता की लकीरे बन गई। कुछ किसानों ने बदलते मौसम के कारण गेहूं कटाई को रोक दिया गया। वहीं कुछ किसानों की कटाई में तेजी कर दी है। वैसे अब दो-तीन प्रतिशत किसानों के ही गेहूं की कटाई अभी नहीं हुई। थ्रेसर मसीनों में भी गेहूं निकालने की प्रक्रिया को तेज हो गई है। भूसे और गेहूं को सुरक्षित स्थान पर किसान पहंचाने में लगे हुए है।
वैज्ञानिकों ने जताया धूल भरी आंधी चलने का अनुमान
वहीं दूसरी ओर गुरुवार को दिल्ली के मौसम पर दिखेगा पश्चिमी विक्षोभ का असर। दिन भर छाए रहेंगे बादल, बूंदाबांदी होने की उम्मीद। इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे तक रहने के आसार। मौसम की इस करवट के चलते दिल्ली के तापमान में दो डिग्री तक की आएगी गिरावट, दिन का तापमान आएगा 40 डिग्री से नीचे। हिमाचल प्रदेश के चार जिलों कांगड़ा, कुल्लू, मंडी व ऊना में गर्म हवाएं चलने की चेतावनी। बुधवार को भी आंधी चलने व बारिश होने की चेतावनी दी गई थी लेकिन राज्य के किसी भी हिस्से में मौसम में बदलाव नहीं हुआ।
अन्य स्थानों का ऐसा हाल
मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने उम्मीद जताई कि अगले दो दिन के दौरान बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने पंजाब के कई जिलों में गुरुवार को 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने की संभावना जताई है। तेज हवाओं के साथ ही कई जगह गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। इसे लेकर विभाग ने किसानों को अलर्ट किया है। शुक्रवार को साफ हो जाएगा मौसम। उत्तराखंड में मौसम करवट बदल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज के साथ बौछार और ओलावृष्टि हो सकती है, जबकि मैदानों में अंधड़ की आशंका है।