मुजफ्फरनगर। ककरौली क्षेत्र की रहने वाली विधवा महिला ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र भेजकर लेखपाल और दरोगा पर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने उत्पीड़न से तंग होकर गांव से पलायन करने की धमकी दी है।

ककरौली क्षेत्र के गांव तेवड़ा निवासी महिला राजेश ने डीएम को शिकायती पत्र भेजकर बताया कि उसके पति की मृत्यु हो चुकी है। उसके पति ने सन् 1986 में बैनामे के द्वारा एक प्लाट खरीदा था। रविवार को वह अपने प्लाट में मकान बनाने के लिए काम कर रही थी। तभी हलका लेखपाल और ककरौली थाने से एक दरोगा आए और उनका काम रुकवा दिया। पीड़िता ने शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि दोनों के पास काम रुकवाने के कोई आधिकारिक आदेश नहीं था। उसने लेखपाल व दरोगा को अपना बैनामा भी दिखाया तथा ग्रामीणों ने भी दोनों को बताया कि यह प्लॉट राजेश का है। महिला ने आरोप लगाया कि दरोगा ने बैनामे की कॉपी को फाड़ दिया तथा उसके पुत्र को उठा कर थाने ले गया। आरोप है कि दरोगा उसके पुत्र को थाने ले जाकर महिला पर प्लॉट का बैनामा दूसरे व्यक्ति के नाम करने का दबाव बना रहा है। दरोगा ने उसके पुत्र से डरा धमका कर कागज पर भी हस्ताक्षर भी करा लिए हैं। जिसके चलते पीड़िता घबराई हुई है। पीड़िता विधवा राजेश ने डीएम को शिकायती पत्र भेजकर लेखपाल और दरोगा के खिलाफ कार्यवाही करने की गुहार लगाई है। पीड़िता ने कार्यवाही नहीं होने पर गांव से पलायन करने की भी धमकी दी है।